नेपाल में अनियंत्रित होकर तामाकोशी नदी में गिरी यात्री बस, 12 लोगों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य नेपाल के रामेछाप जिले में मंगलवार सुबह एक भयानक बस दुर्घटना हुई। काठमांडू से ओखलढुंगा जा रही एक यात्री बस माचानेतार के पास अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर नीचे तामाकोशी नदी में जा गिरी। इस हृदयविदारक हादसे में अब तक 12 लोगों की जान जाने की पुष्टि हो चुकी है।

पुलिस उपाधीक्षक भोला कुमार भट्टा के अनुसार, हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। शुरुआती जांच में पता चला है कि ड्राइवर ने बस पर से नियंत्रण खो दिया था, जिसके चलते बस सीधे गहरी नदी में समा गई। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। घटनास्थल से 6 शव बरामद किए गए, जबकि अन्य 6 ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इस घटना में 8 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 7 की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए काठमांडू रेफर किया गया है। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस का अनुमान है कि बस में करीब 24 यात्री सवार थे, हालांकि सही संख्या का पता लगाया जा रहा है।

Also Read: Cyber ​​Crime के खिलाफ सरकार का बड़ा एक्शन, CBI की नई साइबर क्राइम ब्रांच का अमित शाह ने किया उद्घाटन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.