नेपाल ने भारत के तीन क्षेत्रों को बताया अपना, 100 रुपये के नए नोट पर छापा संशोधित नक्शा

Sandesh Wahak Digital Desk: नेपाल ने एक बार फिर सीमा विवाद को लेकर भारत के साथ तनाव बढ़ा दिया है। नेपाल ने इस बार चीन जैसी हरकत करते हुए, अपने 100 रुपये के नए करेंसी नोट पर भारत के तीन क्षेत्रों को अपना दिखाकर नया विवाद पैदा कर दिया है। इससे दोनों देशों के संबंधों में बड़ा तनाव आने की आशंका है। नेपाल के केंद्रीय बैंक नेपाल राष्ट्र बैंक (एनआरबी) ने गुरुवार को 100 रुपये का नया नोट जारी किया, जिसमें देश का संशोधित राजनीतिक मानचित्र छपा है।

भारत के किन क्षेत्रों पर है दावा

100 रुपये की करेंसी पर छपे इस मानचित्र में नेपाल ने विवादित कालापानी, लिपुलेख और लिंपियाधुरा क्षेत्रों को अपने देश के हिस्से के रूप में दिखाया है। भारत ने नेपाल के इस कदम को एकतरफा और कृत्रिम क्षेत्रीय विस्तार करार दिया है।

तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली सरकार ने मई 2020 में संसद से संविधान संशोधन पारित कर इन क्षेत्रों को अपने क्षेत्र में शामिल करते हुए नए मानचित्र को आधिकारिक मान्यता दी थी। उसी संशोधित मानचित्र को अब 100 रुपये के नोट पर छापा गया है। एनआरबी के प्रवक्ता गुणाकर भट्ट ने स्पष्ट किया कि 100 रुपये के नोट पर ही देश का मानचित्र छपा होता है और अब इसे केवल सरकार के नवीनतम निर्णय के अनुरूप अपडेट किया गया है।

भारत ने दर्ज कराई कड़ी आपत्ति

भारत ने नेपाल की इस हरकत पर बहुत ही कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। भारत ने अपने रुख को दोहराते हुए कहा है कि लिपुलेख, कालापानी और लिंपियाधुरा उसके अभिन्न अंग हैं और नेपाल का यह कदम तथ्यात्मक रूप से गलत तथा स्वीकार्य नहीं है।

Also Read: WPL ऑक्शन में दीप्ति शर्मा पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, यूपी वारियर्स ने लगाई सबसे महंगी बोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.