नेपाल ने रचा इतिहास, दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज को 90 रन से हराया, सीरीज भी अपने नाम की

Sandesh Wahak Digital Desk: सोमवार का दिन नेपाल क्रिकेट टीम के लिए ऐतिहासिक रहा। शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में नेपाल ने दो बार की टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन वेस्टइंडीज को 90 रनों के बड़े अंतर से हराकर इतिहास रच दिया।

इस जीत के साथ नेपाल ने तीन मैचों की टी20 श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 173 रन बनाए। टीम की ओर से ओपनर और विकेटकीपर आसिफ शेख ने 47 गेंदों में नाबाद 68 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 2 छक्के शामिल थे।

वहीं, संदीप जोरा ने 39 गेंदों में 5 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 63 रन बनाए।

Nepal Cricket Team

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम पूरी तरह लड़खड़ा गई और 17.1 ओवरों में सिर्फ 83 रन पर सिमट गई।

वेस्टइंडीज की टीम में काइल मेयर्स, जेसन होल्डर, फेबियन एलन और अकील होसिन जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल थे, लेकिन कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल सका।

नेपाल के लिए आदिल अंसारी ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए, जबकि कुशल भुर्तेल ने 3 विकेट चटकाए।

नेपाल की फुल मेंबर टीम के खिलाफ पहली सीरीज जीत

यह पहली बार है जब नेपाल ने किसी फुल मेंबर टीम के खिलाफ द्विपक्षीय टी20 सीरीज में जीत दर्ज की है। इससे पहले खेले गए पहले टी20 मैच में भी नेपाल ने वेस्टइंडीज को 19 रनों से हराया था।

शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर नेपाल ने सीरीज अपने नाम कर ली है। सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला आज, 30 सितंबर को शारजाह में खेला जाएगा।

आसिफ शेख को मिला ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब

नेपाल के सलामी बल्लेबाज आसिफ शेख को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

उन्होंने धैर्य और आक्रामकता के संतुलन के साथ 68 रनों की नाबाद पारी खेली, जिससे नेपाल को मजबूत स्कोर बनाने में मदद मिली। संदीप जोरा की विस्फोटक बल्लेबाजी ने भी स्कोरबोर्ड को रफ्तार दी।

Also Read: Asia Cup 2025: ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ अभिषेक शर्मा को तोहफे में मिली चाइनीज कार, जानें कीमत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.