Nepal Gen-Z Protest: PM ओली के बाद राष्ट्रपति पौडेल ने भी दिया इस्तीफा, प्रदर्शनकारियों ने निकाली विक्ट्री परेड
Sandesh Wahak Digital Desk: नेपाल में सोशल मीडिया पर बैन के खिलाफ शुरू हुआ ‘जेन-जी’ यानी युवाओं का आंदोलन अब एक बड़े राजनीतिक भूचाल में बदल गया है। हिंसक विरोध प्रदर्शनों के आगे प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के बाद अब राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पिछले 30 घंटों में देश की पूरी राजनीतिक तस्वीर बदल गई है। प्रधानमंत्री ओली के साथ-साथ उनके कैबिनेट के पांच मंत्रियों, जिनमें गृह मंत्री रमेश लेखक और कृषि मंत्री रामनाथ अधिकारी भी शामिल थे, को भी इस्तीफा देना पड़ा।

विरोध प्रदर्शनों ने बदला रुख
सोमवार से नेपाल की सड़कों पर हिंसक प्रदर्शन, पत्थरबाजी, आगजनी और तोड़फोड़ का दौर जारी है। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के निजी आवास से लेकर गृह मंत्री के घर तक को जला दिया। सोमवार को हुई हिंसा में 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा घायल हुए। मंगलवार को भी प्रदर्शन जारी रहे, जिसके बाद राजधानी काठमांडू में कई जगहों पर कर्फ्यू लगा दिया गया और शहर को एक छावनी में बदल दिया गया।

सरकार ने भले ही कर्फ्यू और सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए हों, लेकिन विरोध प्रदर्शनों का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब प्रदर्शनकारी सड़कों पर ‘विक्ट्री परेड’ निकाल रहे हैं, और देश में एक वैकल्पिक सरकार और नए नेतृत्व की मांग कर रहे हैं। बिगड़ते हालात को देखते हुए भारत सरकार ने भी नेपाल में मौजूद अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। फिलहाल, काठमांडू का हवाई अड्डा बंद कर दिया गया है।
Also Read: नेपाल में सोशल मीडिया बैन का असर भारत तक, बहराइच बॉर्डर पर हिंसक प्रदर्शन

