नए आर्मी चीफ धीरज सेठ का ‘VIJAY’ विजन, भविष्य के युद्धों के लिए तैयार होगी सेना
Indian Army Chief VIJAY Formula: भारतीय सेना के नए प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने बुधवार को कहा कि भारतीय सेना हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में सेना का लक्ष्य ऐसी आधुनिक और तकनीक आधारित फोर्स तैयार करना है, जो हर तरह के युद्ध और कई क्षेत्रों में एक साथ प्रभावी ढंग से काम कर सके। इस विजन को उन्होंने ‘VIJAY’ नाम दिया है।
‘VIJAY’ फॉर्मूले का मतलब क्या है
गार्ड ऑफ ऑनर मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में जनरल सेठ ने बताया कि ‘V’ का मतलब विजिलेंस (सतर्कता), ‘I’ का इनोवेशन (नवाचार), ‘J’ का जॉइंटनेस और इंटीग्रेशन (संयुक्त संचालन और समन्वय), ‘A’ का आत्मनिर्भरता और ‘Y’ का योद्धा फर्स्ट है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का उद्देश्य भविष्य के युद्धों के लिए पूरी तरह तैयार रहना है।
देश पहले, सैनिकों को दी श्रद्धांजलि
31वें चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (COAS) के रूप में कार्यभार संभालने वाले जनरल धीरज सेठ ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी का क्षण है। उन्होंने कहा, “मैं ड्यूटी, सम्मान और देश सबसे पहले के आदर्शों के साथ यह जिम्मेदारी स्वीकार करता हूं।” उन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका साहस और समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
आधुनिकीकरण पर रहेगा फोकस
जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह सेना प्रमुख का पद संभाला, जो 30 जून को 40 वर्ष से अधिक की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए। NDA खड़कवासला के पूर्व छात्र रहे जनरल सेठ दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन हुए थे और इससे पहले सेना के वाइस चीफ भी रह चुके हैं।
उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के ‘डेकेड ऑफ ट्रांसफॉर्मेशन (2023–2032)’ विजन के तहत सेना के आधुनिकीकरण और पुनर्गठन को आगे बढ़ाया जाएगा।

