T20 World Cup 2026: भारत-बांग्लादेश रिश्तों में नई शुरुआत, अमीनुल हक का बयान बना चर्चा का विषय

Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश में नई सरकार के गठन के बाद भारत के साथ बिगड़े रिश्तों को सुधारने की कोशिशें तेज़ हो गई हैं।

प्रधानमंत्री तारिक रहमान के शपथ ग्रहण के बाद देश के नए खेल मंत्री अमीनुल हक ने भारत और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड बीसीसीआई के साथ संबंध बेहतर करने की इच्छा जताई है।

खेल मंत्री पद की शपथ लेने के बाद अमीनुल हक ने कहा कि वे भारत के साथ सभी लंबित मुद्दों को बातचीत के ज़रिये जल्द सुलझाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि शपथ के बाद संसद भवन में भारत के डिप्टी हाई कमिश्नर से उनकी मुलाकात हुई, जहां टी20 विश्व कप 2026 को लेकर चर्चा हुई।

अमीनुल हक ने कहा, “यह एक सकारात्मक बातचीत थी। हमने स्पष्ट किया कि हम संवाद के माध्यम से मसलों को सुलझाना चाहते हैं। हमारा उद्देश्य सभी पड़ोसी देशों के साथ दोस्ताना रिश्ते बनाए रखना है।”

उन्होंने आगे कहा कि राजनीतिक कारणों से बांग्लादेश की टीम टी20 विश्व कप नहीं खेल सकी। यदि समय रहते बातचीत होती, तो विवाद सुलझ सकता था और बांग्लादेश टूर्नामेंट का हिस्सा होता।

Sports Minister Aminul Haque
खेल मंत्री अमीनुल हक

गौरतलब है कि बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा की घटनाओं के बाद बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेशी तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 की टीम से बाहर करने का निर्देश दिया था।

इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार करते हुए अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग आईसीसी से की थी।

आईसीसी द्वारा मांग खारिज किए जाने के बाद, बांग्लादेश सरकार की सलाह पर क्रिकेट बोर्ड ने टी20 विश्व कप 2026 से हटने का फैसला किया। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया।

अब नई सरकार और खेल मंत्री के बयान के बाद संकेत मिल रहे हैं कि बांग्लादेश खेल के साथ-साथ राजनीतिक और कूटनीतिक स्तर पर भी भारत के साथ रिश्तों में सुधार की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

Also Read: T20 World Cup 2026 Points Table: भारत का दबदबा बरकरार, साउथ अफ्रीका भी अजेय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.