T20 वर्ल्ड कप से पहले नया विवाद, बांग्लादेश ने भारत के बजाय श्रीलंका में मैच कराने की मांग की

Sandesh Wahak Digital Desk: आगामी T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले एक नया विवाद सामने आ गया है। बांग्लादेश ने आधिकारिक तौर पर मांग की है कि भारत में होने वाले उसके चार लीग मुकाबलों को श्रीलंका स्थानांतरित किया जाए।

इस मांग के बाद टूर्नामेंट की तैयारियों को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

बांग्लादेश सरकार के सलाहकार आसिफ नजरल ने बताया कि उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को इस संबंध में ICC को औपचारिक पत्र भेजने का निर्देश दिया है।

उनका कहना है कि मौजूदा हालात में भारतीय दौरे को लेकर खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

यह विवाद उस समय और गहरा गया जब IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया।

ICC Men's T20 World Cup

मुस्तफिजुर को KKR ने 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन कथित तौर पर राजनीतिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। इसे बांग्लादेश ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा से जोड़कर देखा है।

बांग्लादेश का प्रस्तावित मैच शेड्यूल

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बांग्लादेश को अपने चार लीग मुकाबले भारत में खेलने हैं।

  • 7 फरवरी: वेस्टइंडीज के खिलाफ (कोलकाता)

  • 9 फरवरी: इटली के खिलाफ (कोलकाता)

  • 14 फरवरी: इंग्लैंड के खिलाफ (कोलकाता)

  • 17 फरवरी: नेपाल के खिलाफ (मुंबई)

बांग्लादेश ने मांग की है कि इन सभी मुकाबलों को श्रीलंका में शिफ्ट किया जाए, जहां पहले से ही पाकिस्तान की टीम अपने मैच खेलने वाली है।

BCCI का सख्त जवाब

BCCI सूत्रों ने बांग्लादेश की मांग को अव्यावहारिक और असंभव बताया है। बोर्ड का कहना है कि टूर्नामेंट शुरू होने में अब केवल एक महीने का समय बचा है और ऐसे में वेन्यू बदलना बेहद जटिल प्रक्रिया होगी।

BCCI के अनुसार, वेन्यू परिवर्तन से न केवल मैचों की मेजबानी प्रभावित होगी, बल्कि टीमों की यात्रा योजना, होटल बुकिंग, ब्रॉडकास्टिंग सेटअप और सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से तैयार करना पड़ेगा, जो इतने कम समय में संभव नहीं है।

बोर्ड ने साफ किया है कि किसी एक देश की मांग पर पूरे टूर्नामेंट के ढांचे में बदलाव नहीं किया जा सकता।

Also Read: भारत नहीं खेलेगा चैरिटी मैच, BCCI ने ठुकराया श्रीलंका का प्रस्ताव, जानिए वजह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.