बीजेपी में नए युग की शुरुआत: नितिन नबीन आज भरेंगे अध्यक्ष पद का नामांकन, कल होगी आधिकारिक ताजपोशी

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। पार्टी के वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन आज दोपहर इस प्रतिष्ठित पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। 46 वर्षीय नितिन नबीन का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है, जिसके बाद वे भाजपा के इतिहास के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाएंगे।

चुनाव का पूरा शेड्यूल (आज और कल)

भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कार्यक्रम इस प्रकार है। आज (19 जनवरी) दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे के बीच नितिन नबीन अपना पर्चा दाखिल करेंगे। शाम 4:00 से 5:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और 6:00 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा।

कल यानी मंगलवार  (20 जनवरी) को नए अध्यक्ष के नाम का औपचारिक ऐलान होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा समेत दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।

कौन हैं मतदाता और प्रस्तावक?

इस चुनाव के लिए 5708 मतदाताओं की सूची (इलेक्टोरल रोल) तैयार की गई है, जिसमें 30 राज्यों के प्रतिनिधि शामिल हैं। नितिन नबीन की उम्मीदवारी के लिए तीन सेट में नामांकन दाखिल होंगे। एक सेट में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा प्रस्तावक और समर्थक के रूप में हस्ताक्षर करेंगे। दूसरे सेट्स में 20 से अधिक राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के हस्ताक्षर होंगे।

नितिन नबीन: युवा नेतृत्व और अनुभव का संगम

बिहार से 5 बार विधायक रहे नितिन नबीन को 15 दिसंबर 2025 को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उनके 3 साल के कार्यकाल में सबसे बड़ी चुनौती 2029 का लोकसभा चुनाव और आगामी राज्यों (पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल) के विधानसभा चुनाव होंगे। वे दिवंगत भाजपा दिग्गज नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं और आरएसएस (RSS) की पृष्ठभूमि से आते हैं।

Also Read: क्रिकेटर रिंकू सिंह की बढ़ी मुश्किलें: विवादित सोशल मीडिया पोस्ट पर करणी सेना ने दर्ज कराई पुलिस शिकायत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.