Radhika Yadav Murder: टेनिस प्लेयर राधिका यादव मर्डर केस में नया खुलासा, इस वीडियो से नाराज थे पिता

Sandesh Wahak Digital Desk: 25 वर्षीय स्टेट लेवल टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या के मामले में एक चौंकाने वाला नया खुलासा सामने आया है।

पुलिस जांच में पता चला है कि राधिका के पिता दीपक यादव, जो अब हत्या के आरोपी हैं, अपनी बेटी के एक म्यूजिक वीडियो को लेकर बेहद नाराज़ थे। राधिका ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बनने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया था, जिसे हटाने से उसने इनकार कर दिया था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राधिका यादव ने म्यूजिक आर्टिस्ट ‘INAAM’ के साथ एक वीडियो में काम किया था, जो गाना था ‘कारवां’। इसे जीशान अहमद ने प्रोड्यूस किया था और यह एक साल पहले रिलीज़ हुआ था।

Radhika Yadav Murder

इस वीडियो में राधिका की मौजूदगी को लेकर पिता दीपक यादव नाराज थे। उन्होंने बेटी से इसे इंस्टाग्राम से हटाने के लिए कहा था, लेकिन राधिका ने मना कर दिया। इसी वीडियो को लेकर घर में तनाव गहरा गया।

पिता ने कबूली हत्या की बात: तीन गोलियां मारीं

पुलिस पूछताछ में दीपक यादव (49) ने स्वीकार किया कि उन्होंने राधिका को रसोई में खाना बनाते समय पीठ में तीन गोलियां मारीं। वारदात के वक्त राधिका की मां और चाचा घर में ही मौजूद थे।

गोली चलने की आवाज सुनकर चाचा कुलदीप यादव मौके पर पहुंचे और बेटी को फर्श पर गिरा पाया। पास में ही रिवॉल्वर भी पड़ी थी। राधिका को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चोट के बाद टेनिस से कोचिंग तक का सफर

राधिका यादव एक उभरती हुई टेनिस खिलाड़ी थीं, लेकिन एक कंधे की चोट के चलते उन्होंने सक्रिय खेल को अलविदा कह दिया था। इसके बाद उन्होंने खुद की एक टेनिस एकेडमी शुरू की थी।

रिपोर्ट्स के अनुसार, दीपक यादव को गांव में किसी ने ताना मार दिया था कि वह बेटी की कमाई पर निर्भर हैं, जिसके बाद उन्होंने बेटी से एकेडमी बंद करने को कहा था। इसी बात को लेकर पिता-पुत्री में दूरियां बढ़ती गईं।

चाचा ने दर्ज करवाई FIR, मां ने बयान देने से इनकार किया

हत्या की एफआईआर दीपक यादव के छोटे भाई कुलदीप यादव ने दर्ज करवाई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर वह ऊपर गए, जहां राधिका घायल पड़ी थी और दीपक व उनकी पत्नी मंजू वहां मौजूद थे।

राधिका की मां उस वक्त घर में ही थीं, लेकिन उन्होंने पुलिस को बताया कि वह एक कमरे में थीं और बुखार के चलते दरवाजा बंद करके आराम कर रही थीं।

पुलिस जांच जारी

फिलहाल दीपक यादव पुलिस हिरासत में है, और उस पर हत्या के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले में राधिका के सोशल मीडिया गतिविधियों, वीडियो और पारिवारिक विवादों की पूरी जांच कर रही है।

Also Read: NIA का मोस्ट वॉन्टेड खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने ली कपिल शर्मा के कैफे पर गोलीबारी की जिम्मेदारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.