ट्रेन टिकट बुकिंग का नया नियम: 1 अक्टूबर से सिर्फ ये लोग ही कर सकेंगे 15 मिनट में टिकट बुक
Sandesh Wahak Digital Desk: रेल यात्रा करने वालों के लिए एक बड़ी खबर है। भारतीय रेलवे ने टिकट बुकिंग में धांधली रोकने के लिए एक बड़ा बदलाव किया है। अब 1 अक्टूबर, 2025 से ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुक करते समय एक नया नियम लागू होगा।
रेलवे ने बताया है कि अब ट्रेन का रिजर्वेशन खुलने के बाद पहले 15 मिनट तक सिर्फ वही यात्री टिकट बुक कर पाएंगे, जिनका आधार वेरिफिकेशन हो चुका है। यह नियम आईआरसीटीसी (IRCTC) की वेबसाइट और मोबाइल ऐप, दोनों पर लागू होगा।
क्या है नया नियम?
यह नियम मुख्य रूप से सामान्य आरक्षित टिकटों (General Reserved Tickets) के लिए है। अभी तक यह प्रतिबंध केवल तत्काल टिकटों पर लागू होता था। रेलवे का कहना है कि इस कदम से टिकटों की कालाबाजारी रुकेगी और असली यात्रियों को आसानी से टिकट मिल पाएगा।
1 अक्टूबर से, ऑनलाइन टिकट बुकिंग का समय शुरू होते ही पहले 15 मिनट केवल आधार-प्रमाणित यूजर्स ही टिकट बुक कर पाएंगे। जो लोग रेलवे काउंटर से टिकट लेते हैं, उनके लिए इस नियम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अधिकृत टिकटिंग एजेंट्स के लिए पहले से लागू 10 मिनट की पाबंदी जारी रहेगी, यानी वे रिजर्वेशन शुरू होने के 10 मिनट तक टिकट बुक नहीं कर पाएंगे।
रेलवे का मानना है कि यह नया नियम खासकर त्योहारों और छुट्टियों के सीजन में बहुत फायदेमंद होगा, क्योंकि इससे वास्तविक यात्रियों को आसानी से टिकट मिल सकेगा।
Also Read: ‘100 रुपये से काम चले तो…’, ओपी राजभर के जन्मदिन को लेकर अखिलेश ने कसा ये तंज

