1 सितंबर से लागू हुए नए नियम: जानिए कैसे पड़ेगा आपकी जेब पर सीधा असर
Sandesh Wahak Digital Desk: आज, 1 सितंबर से देश में कई नए नियम लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम आदमी की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। इन बदलावों में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में कटौती, एसबीआई क्रेडिट कार्ड और पोस्ट ऑफिस के नियमों में बदलाव, और चांदी के लिए हॉलमार्किंग का नया नियम शामिल है।
चांदी की हॉलमार्किंग
सोने की तरह, अब चांदी के लिए भी हॉलमार्किंग का नया नियम लागू हो गया है। हालांकि, यह अनिवार्य नहीं है, लेकिन ग्राहक चाहें तो हॉलमार्क वाली चांदी खरीद सकते हैं। इस नियम के तहत, हॉलमार्क वाली चांदी पर भी 6 अंकों का यूनिक HUID कोड होगा, जिससे उसकी शुद्धता की पहचान करना आसान होगा। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने चांदी की शुद्धता के लिए 6 नए मानक (800, 835, 900, 925, 970 और 990) तय किए हैं।
एसबीआई क्रेडिट कार्ड
आज से एसबीआई क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए कुछ ट्रांजैक्शन पर रिवॉर्ड पॉइंट्स मिलना बंद हो जाएगा। Lifestyle Home Centre SBI Card, Lifestyle Home Centre SBI Card SELECT और Lifestyle Home Centre SBI Card PRIME कार्ड पर अब डिजिटल गेमिंग और सरकारी कामों से जुड़े ट्रांजैक्शन पर रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं मिलेंगे।
पोस्ट ऑफिस ने 1 सितंबर से रजिस्टर्ड पोस्ट को स्पीड पोस्ट में अपग्रेड कर दिया है। इसका मतलब है कि अब सभी रजिस्टर्ड पोस्ट से जुड़ी सेवाएं स्पीड पोस्ट के नियमों के तहत ही मिलेंगी।
एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम
तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 51.50 रुपये की कटौती की है। इस कटौती के बाद, दिल्ली में इसकी कीमत 1580 रुपये हो गई है। हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
Also Read:यूपी में लौट आया मानसून: लखनऊ समेत इन 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जानें कहां-कहां स्कूल बंद

