क्रिकेट में नई सनसनी: 19 साल के दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज ने डेब्यू मैच में ही तोड़ दिए सारे रिकॉर्ड
Sandesh Wahak Digital Desk: दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच शुरू हुई टेस्ट सीरीज के पहले ही दिन दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज लुआन ड्री प्रिटोरियस ने क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा दिया है।
केवल 19 साल और 93 दिन की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने उतरे प्रिटोरियस ने 153 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिससे उन्होंने एक नहीं बल्कि दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।
सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड तोड़ा
प्रिटोरियस ने सिर्फ 112 गेंदों में शतक पूरा कर यह साबित कर दिया कि वह आने वाले समय में टेस्ट क्रिकेट में बड़ा नाम बन सकते हैं। यह पारी टेस्ट डेब्यू पर दक्षिण अफ्रीका की ओर से सबसे तेज शतक है।

इससे पहले यह रिकॉर्ड स्टीन वैन जिल के नाम था, जिन्होंने 2014 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ 129 गेंदों में शतक जमाया था।
सबसे कम उम्र में डेब्यू पर शतक लगाने वाले दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज
दूसरा रिकॉर्ड उनकी उम्र से जुड़ा है। प्रिटोरियस दक्षिण अफ्रीका के सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने टेस्ट डेब्यू पर शतक जड़ा है।
इसके साथ ही वह टेस्ट इतिहास में डेब्यू पर शतक लगाने वाले पांचवें सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। हालांकि उन्हें 30 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला था—जिम्बाब्वे की अपील पर अंपायर ने आउट नहीं दिया और इस सीरीज में DRS की व्यवस्था नहीं होने के कारण निर्णय यथावत रहा।
टीम का स्कोर और गेंदबाजों का प्रदर्शन
दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेवाल्ड ब्रेविस ने भी 51 रनों की अहम पारी खेली। वहीं, जिम्बाब्वे के लिए सबसे सफल गेंदबाज टनाका चिवांगा रहे, जिन्होंने अब तक 4 विकेट झटके हैं।
लुआन ड्री प्रिटोरियस की यह पारी सिर्फ रिकॉर्ड के लिहाज से नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और तकनीकी परिपक्वता का भी प्रमाण है। क्रिकेट प्रेमियों की नजर अब इस युवा बल्लेबाज के आगे के सफर पर टिकी है।
Also Read: दक्षिण अफ्रीका को WTC जिताने वाले कप्तान की हुई छुट्टी! इस भारतीय को मिली कमान

