सूर्यकुमार यादव विवाद में नया मोड़, खुशी मुखर्जी पर 100 करोड़ के मानहानि का केस दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को लेकर दिए गए एक बयान के बाद अभिनेत्री खुशी मुखर्जी से जुड़ा विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक इंटरव्यू के बाद यह मामला पुलिस तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी ने खुशी मुखर्जी के खिलाफ 100 करोड़ रुपये का मानहानि दावा दायर करने का दावा किया है।
विवाद की शुरुआत तब हुई, जब खुशी मुखर्जी ने एक इंटरव्यू में यह आरोप लगाया कि सूर्यकुमार यादव उन्हें बार-बार मैसेज किया करते थे। यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और क्रिकेट प्रशंसकों के बीच हंगामा मच गया।

पुलिस में शिकायत दर्ज
मुंबई निवासी फैजान अंसारी ने इस मामले में गाजीपुर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी है। अंसारी का कहना है कि खुशी मुखर्जी के आरोप निराधार हैं और इससे एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेटर की छवि को नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान केवल सुर्खियों और पब्लिसिटी के उद्देश्य से दिए गए हैं।
अंसारी के मुताबिक, वह खुद मुंबई से गाजीपुर पहुंचे और औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि इस तरह के आरोप किसी खिलाड़ी की निजी और पेशेवर प्रतिष्ठा दोनों को प्रभावित करते हैं।
कड़ी कार्रवाई की मांग
मीडिया से बातचीत में फैजान अंसारी ने कहा कि वह इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई चाहते हैं। उन्होंने मांग की है कि यदि आरोप साबित नहीं होते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में कार्रवाई की जाए। अंसारी का कहना है कि यह मामला सिर्फ सूर्यकुमार यादव का नहीं, बल्कि देश के एक सम्मानित खिलाड़ी की साख से जुड़ा हुआ है।
100 करोड़ रुपये का मानहानि दावा
फैजान अंसारी ने यह भी कहा कि उन्होंने अभिनेत्री खुशी मुखर्जी के खिलाफ 100 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दायर कराया है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि यदि खुशी मुखर्जी अपने आरोपों को ठोस सबूतों के साथ साबित करती हैं, तो वह सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को तैयार हैं।
खुशी मुखर्जी की सफाई
अपने इंटरव्यू में खुशी मुखर्जी ने यह जरूर कहा था कि उनके और सूर्यकुमार यादव के बीच कभी कोई निजी या रोमांटिक रिश्ता नहीं रहा। हालांकि, मैसेज से जुड़ा बयान सामने आने के बाद ही यह पूरा विवाद खड़ा हुआ।
फिलहाल यह मामला जांच और कानूनी प्रक्रिया के अधीन है और सभी पक्षों के दावों की सत्यता का फैसला जांच के बाद ही हो सकेगा।
Also Read: कौन हैं नजमुल इस्लाम? जिनकी जिद के चलते बांग्लादेश क्रिकेट में मचा घमासान

