न्यूयॉर्क के नए मेयर जोहरान ममदानी ने उमर खालिद को लिखा पत्र, बोले- हम सब आपके बारे में सोच रहे हैं

Sandesh Wahak Digital Desk: न्यूयॉर्क शहर के नवनियुक्त मेयर जोहरान ममदानी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। 34 वर्षीय ममदानी ने मेयर पद की शपथ लेने के साथ ही तिहाड़ जेल में बंद जेएनयू (JNU) के पूर्व छात्र उमर खालिद को एक पत्र साझा किया है। इस संदेश में उन्होंने खालिद के प्रति अपनी सहानुभूति जताई और उनके परिवार के साथ बिताए समय को याद किया।

ममदानी ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि दिसंबर 2025 में उमर खालिद के पिता, एस.क्यू.आर. कासिम ने न्यूयॉर्क में उनसे मुलाकात की थी। ममदानी ने इस मुलाकात को एक महत्वपूर्ण अनुभव बताते हुए कहा कि वे अक्सर उमर द्वारा कही गई बातों को याद करते हैं। उन्होंने लिखा, हम सब आपके बारे में सोच रहे हैं और आपकी वर्तमान स्थिति को लेकर हमारे मन में गहरी चिंता है।

शपथ ग्रहण के दिन पत्र हुआ वायरल

दिलचस्प बात यह है कि ममदानी का यह पत्र सोशल मीडिया पर उसी दिन चर्चा का विषय बना, जब उन्होंने आधिकारिक तौर पर न्यूयॉर्क के मेयर के रूप में शपथ ली। मुस्लिम मूल के ममदानी ने हमेशा से ही मानवाधिकारों और नागरिक स्वतंत्रता के मुद्दों पर अपनी मुखर राय रखी है।

क्यों जेल में हैं उमर खालिद

जेएनयू के पूर्व छात्र उमर खालिद को सितंबर, 2020 में दिल्ली दंगों की कथित साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उन पर कड़े कानून UAPA (गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम) के तहत मामला दर्ज किया गया है। तब से वे बिना जमानत के जेल में हैं। ममदानी के इस कदम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उमर खालिद के मामले की ओर ध्यान आकर्षित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

Also Read: जोशीमठ आर्मी कैंप में भीषण आग, स्टोर रूम से उठीं ऊंची लपटें, सेना के जवानों और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.