Lucknow: प्रसव के दौरान जमीन पर गिरने से नवजात की मौत, घरवालो का आरोप – झांकने तक नहीं आए डॉक्टर

Lucknow News: लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां प्रसव के दौरान फर्श पर गिरने से एक नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। वहीं अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है।

परिजनों का आरोप है कि गर्भवती महिला को समय पर उचित इलाज नहीं मिला। लगातार प्रसव पीड़ा होने के बावजूद डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने न तो समय रहते सामान्य प्रसव कराया और न ही किसी अन्य जरूरी चिकित्सा प्रक्रिया की। इसी दौरान वार्ड में ही प्रसव हो गया और नवजात फर्श पर गिर पड़ा।

परिजनों ने क्या लगाए आरोप?

Lucknow, आशियाना के सीता विहार कॉलोनी निवासी शुभम पाल के मुताबिक, उनकी पत्नी कीर्ति पाल को रविवार शाम प्रसव पीड़ा होने पर लोकबंधु अस्पताल लाया गया था। उनका आरोप है कि इमरजेंसी में पहले भर्ती करने में भी आनाकानी की गई। काफी प्रयास के बाद भर्ती तो कर लिया गया, लेकिन वार्ड में भेजने के बाद डॉक्टरों और स्टाफ ने उनकी पत्नी की हालत पर ध्यान नहीं दिया।

परिजनों का कहना है कि सोमवार को वार्ड के भीतर ही प्रसव हो गया। इस दौरान नवजात फर्श पर गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई। उनका यह भी आरोप है कि घटना के बाद काफी देर तक कोई डॉक्टर या स्टाफ मरीज को देखने तक नहीं आया।

हंगामे के बाद अस्पताल के कुछ कर्मचारियों और नर्सिंग स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत कराने की कोशिश की।

पोस्टमार्टम और जांच के आदेश

परिजनों ने मृत नवजात का शव लेने से इनकार करते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मांग पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। साथ ही अस्पताल प्रशासन से घटना के समय की CCTV फुटेज भी उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

लोकबंधु अस्पताल के कार्यवाहक निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है। समिति परिजनों की शिकायत, ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के बयान के आधार पर जांच करेगी। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

Also Read: KGMU के कुलपति चयन पर बढ़ा राजनीतिक दबाव, सांसदों-विधायकों ने राज्यपाल से की बड़ी मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.