उन्नाव में शुरू हुआ ‘नेक्स्ट जेन जीएसटी बचत अभियान’, आम जनता और व्यापारियों को मिलेगा सीधा लाभ
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में घोषित जीएसटी 2.0 सुधारों को लेकर सोमवार को उन्नाव में एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई। पशुधन मंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने सिविल लाइन स्थित एक व्यापारिक प्रतिष्ठान में इस अभियान का आगाज किया, जिसका नाम ‘नेक्स्ट जेन जीएसटी बचत अभियान’ रखा गया है।
प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने इस मौके पर कहा कि यह सुधार एक तरह से ‘बचत का उत्सव’ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
क्या हैं जीएसटी 2.0 के मुख्य सुधार?
मीडिया से बात करते हुए प्रभारी मंत्री ने बताया कि 3 सितंबर को हुई 56वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक में कुछ बड़े बदलाव किए गए हैं। अब जीएसटी की सिर्फ दो दरें होंगी – 5% और 18%। हालांकि, लग्जरी और विलासिता वाली वस्तुओं पर 40% टैक्स बना रहेगा।
इन सुधारों से इन चीजों पर टैक्स कम होगा।
घरेलू सामान: दूध, पनीर, साबुन, टूथपेस्ट, शैंपू, साइकिल और बच्चों के सामान पर अब 5% या शून्य टैक्स लगेगा।
कृषि क्षेत्र: ट्रैक्टर, टायर, कीटनाशक और सिंचाई उपकरणों पर टैक्स घटाकर 5% कर दिया गया है।
स्वास्थ्य: व्यक्तिगत जीवन और स्वास्थ्य बीमा पर जीएसटी हटा दिया गया है, जबकि दवाओं, ऑक्सीजन और जांच किट पर भी टैक्स कम हुआ है।
वाहन: गाड़ियों और बाइकों पर टैक्स 28% से घटाकर 18% कर दिया गया है।
शिक्षा: कॉपी, पेंसिल और नक्शे जैसी शैक्षिक सामग्री पर कोई टैक्स नहीं लगेगा।
अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति
प्रभारी मंत्री ने कहा कि ये सुधार आम जनता का खर्च कम करेंगे, कारोबार को बढ़ावा देंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह दिवाली पर दीपक घरों को रोशन करते हैं, उसी तरह ये सुधार सीधे परिवारों की बचत बढ़ाएंगे।
उन्होंने बताया कि कारोबार को आसान बनाने के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया सरल की गई है, जिससे एमएसएमई और निर्यातकों को फायदा होगा। बैठक में भाजपा के जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, विधायक श्रीकांत कटियार और पंकज गुप्ता समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि इन सुधारों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाए।
Also Read: 61 साल बाद यूपी को मिली ‘राष्ट्रीय जम्बूरी’ की मेजबानी, लखनऊ में जुटेंगे 35 हजार स्काउट और गाइड

