NIA ने 5 राज्यों में 21 ठिकानों पर की छापेमारी, आतंकी साजिश का खुलासा
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़ी एक बड़ी साजिश का खुलासा किया है। इस मामले में मंगलवार को एनआईए ने भारत के पाँच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में 21 ठिकानों पर छापेमारी की।
यह कार्रवाई बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर में की गई। इस दौरान एनआईए ने कई डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए हैं। एनआईए की जाँच एक व्यक्ति अखलाथुर उर्फ मोहम्मद अखलक मुजाहिद की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुई। आरोप है कि वह भारत में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश में शामिल था।
जाँच में पता चला है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए कई आतंकी संगठनों के संपर्क में था। उसके पाकिस्तान और सीरिया के आतंकी समूहों से भी संबंध होने के सबूत मिले हैं। इस साजिश का मकसद प्रतिबंधित संगठनों के लिए लोगों को भर्ती करना और भारत के खिलाफ ‘जिहाद’ छेड़ने के लिए पैसा इकट्ठा करना था।
एनआईए ने सोमवार को भी पाँच राज्यों और जम्मू-कश्मीर में 22 जगहों पर छापेमारी की थी। इनमें से 9 जगहें जम्मू-कश्मीर में थीं, जहाँ उन संदिग्धों के ठिकानों पर तलाशी ली गई थी, जिनके संबंध भारत के बाहर के आतंकी नेटवर्क से हैं। ये छापे स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ के सहयोग से मारे गए। एनआईए की टीमें पहलगाम में हुए आतंकी हमले की भी जाँच कर रही हैं, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी।
Also Read: Kanpur News: जलभराव को लेकर महापौर प्रमिला पाण्डेय ने किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

