केरल में निपाह वायरस का प्रकोप, 425 लोग निगरानी में, स्वास्थ्य मंत्री ने बुलाई हाईलेवल मीटिंग

Sandesh Wahak Digital Desk: केरल में निपाह वायरस के मामलों में इजाफा होते ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने स्थिति पर चिंता जताते हुए बताया कि अब तक 425 लोग निगरानी में रखे गए हैं, जिनमें मलप्पुरम, पलक्कड़ और कोझीकोड जिलों से सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं।

मंत्री ने जानकारी दी कि मलप्पुरम जिले में 12 मरीजों का इलाज चल रहा है, जिनमें से 5 की हालत गंभीर है और उन्हें ICU में रखा गया है। वहीं, कोझीकोड जिले में निगरानी में रखे गए सभी 87 लोग स्वास्थ्यकर्मी हैं, जबकि पलक्कड़ में 61 हेल्थ वर्कर्स निगरानी में हैं।

पलक्कड़ में एक संक्रमित मरीज को आइसोलेशन में रखा गया है और एक व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसी बीच, मलप्पुरम में 18 वर्षीय युवती की मौत निपाह वायरस से होने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि पलक्कड़ की 38 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है।

स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर

  • सरकार ने संबंधित जिलों में बुखार सर्वे, होम विजिट और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
  • पलक्कड़ और मलप्पुरम में संक्रमित व्यक्तियों का रूट मैप सार्वजनिक कर दिया गया है, जिससे लोग सतर्क रह सकें।
  • 108 एम्बुलेंस सेवा और अन्य चिकित्सा सुविधाएं पूरी तरह अलर्ट पर हैं।
  • वायरस के स्रोत की पहचान के लिए भी तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं।

उच्च स्तरीय बैठक में लिए गए अहम फैसले

स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य के उच्च अधिकारी मौजूद थे, जिनमें अतिरिक्त मुख्य सचिव, राज्य स्वास्थ्य मिशन निदेशक, चिकित्सा शिक्षा निदेशक, ज़िला कलेक्टर, डीएमओ, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल थे।

सरकार ने जनता से कंटेनमेंट जोन में अनावश्यक भीड़ से बचने, N95 मास्क पहनने, और यात्रा से परहेज करने की अपील की है। इसके साथ ही सभी से निम्नलिखित सावधानियाँ बरतने को कहा गया है कि क्वारंटीन नियमों का सख्ती से पालन करें, बार-बार हाथ धोएं या सैनिटाइज करें। अगर किसी को सर्दी, खांसी, बुखार, सिरदर्द या सांस लेने में दिक्कत हो, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्यकर्मी से संपर्क करें।

Also Read: बिहार में वोटर लिस्ट से लाखों नाम हटने की आशंका, सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दायर,…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.