बिहार में बड़ा सियासी बदलाव: जेडीयू विधायक दल ने किया निशांत कुमार का समर्थन, कल संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी
Sandesh Wahak Digital Desk: पटना के ‘1 अणे मार्ग’ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आज जेडीयू के विधायकों, सांसदों और विधान पार्षदों की एक बेहद अहम बैठक हुई। इस बैठक में न केवल नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर चर्चा हुई, बल्कि पार्टी के भविष्य और नए नेतृत्व को लेकर भी बड़ा ऐलान किया गया। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय झा ने जानकारी दी कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार शनिवार को औपचारिक रूप से जेडीयू में शामिल होंगे और उन्हें राज्य का डिप्टी सीएम बनाया जाएगा।
विधायकों की मांग पर ‘निशांत’ का नाम तय
बैठक के दौरान जेडीयू के विधायकों ने एक सुर में मांग उठाई कि पार्टी की कमान और सरकार में सक्रिय भूमिका अब निशांत कुमार को सौंपी जाए। जब निशांत को पार्टी में लाने का प्रस्ताव रखा गया, तो सभी नेताओं ने हाथ उठाकर इसका पुरजोर समर्थन किया। इसके बाद संजय झा ने कल उनके पार्टी में शामिल होने और डिप्टी सीएम पद की जिम्मेदारी संभालने की पुष्टि की।
नीतीश कुमार ने बैठक में अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भावुक अंदाज में कहा कि वे भले ही राज्यसभा जा रहे हों, लेकिन बिहार की राजनीति और पार्टी से अलग नहीं होंगे। उन्होंने कहा “मैं दिल्ली में जरूर रहूंगा, लेकिन बिहार में क्या हो रहा है और पार्टी कैसे चल रही है, यह सब मैं वहीं से देखता रहूंगा।”
कार्यकर्ताओं का गुस्सा और भ्रम दूर करने की कोशिश
नीतीश कुमार के अचानक राज्यसभा जाने के फैसले से पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी भ्रम और नाराजगी थी। कई कार्यकर्ताओं को लग रहा था कि बीजेपी ने दबाव डालकर नीतीश जी से यह फैसला कराया है। इसी नाराजगी के चलते पटना और कई जिलों में प्रदर्शन भी हुए।
जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि कार्यकर्ताओं का दुखी होना स्वाभाविक है, लेकिन नीतीश कुमार ऐसे नेता नहीं हैं जिन्हें किसी दबाव में झुकाया जा सके। शीर्ष नेतृत्व अब कार्यकर्ताओं की नाराजगी को शांत करने में जुटा है।
इस्तीफा और नई पारी
करीब दो दशक तक बिहार की सत्ता के केंद्र में रहने के बाद अब नीतीश कुमार नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। राज्यसभा सांसद बनने के बाद वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। निशांत कुमार के डिप्टी सीएम बनने की खबर ने यह साफ कर दिया है कि नीतीश कुमार अपनी विरासत को अपने ही परिवार के हाथों में सुरक्षित देखना चाहते हैं।
Also Read: लखनऊ पुलिस मुख्यालय में गूंजे होली के सुर, DGP राजीव कृष्ण ने फूलों की होली खेल दी शुभकामनाएं

