भारत-पाक मैच पर बोले नितेश राणे, आदित्य ठाकरे बुर्का पहनकर मैच देखेंगे
Sandesh Wahak Digital Desk: एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक घमासान मच गया है। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मैच का विरोध करते हुए केंद्र सरकार पर देशभक्ति का धंधा करने का आरोप लगाया है, वहीं बीजेपी नेता और मंत्री नितेश राणे ने उन पर पलटवार करते हुए तंज कसा है कि आदित्य ठाकरे बुर्का पहनकर मैच देखेंगे।
शनिवार को उद्धव ठाकरे ने कहा, हमारे प्रधानमंत्री ने कहा था कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते, तो खून और क्रिकेट एक साथ कैसे बह सकते हैं? उन्होंने कहा कि युद्ध और क्रिकेट एक साथ नहीं हो सकते। उद्धव ने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ पैसे के लिए देशभक्ति का धंधा कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि उनकी पार्टी की महिला कार्यकर्ता विरोध स्वरूप प्रधानमंत्री मोदी को हर घर से सिंदूर भेजेंगी।

उद्धव ठाकरे के बयान पर नितेश राणे ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने पूछा कि क्या शिवसेना (यूबीटी) को भारत-पाकिस्तान मैच पर टिप्पणी करने का नैतिक अधिकार है? राणे ने उद्धव की रैली के दौरान ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगने और ‘सर तन से जुदा’ जैसे नारे लगाए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि तब पाकिस्तान के प्रति गुस्सा क्यों नहीं जताया गया था?
राणे ने आदित्य ठाकरे पर चुटकी लेते हुए कहा कि आदित्य ठाकरे भारत-पाकिस्तान मैच बुर्का पहनकर छुपकर देखेंगे… अगर वह बुर्का पहनकर उसी आवाज़ में बात करें, तो कौन जानेगा कि वह आदित्य ठाकरे हैं। वहीं, बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा है कि एसीसी या आईसीसी जैसे बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में खेलना अनिवार्य होता है, लेकिन भारत पाकिस्तान के साथ कोई भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलेगा। उन्होंने कहा कि जब तक देश पर आतंकवादी हमले बंद नहीं होते, भारत ऐसी सीरीज से दूर रहेगा।
Also Read: इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का ऐलान, आयूब खान ने की नई फिल्म शुभ संगम की घोषणा

