जेपी नड्डा ने नितिन नबीन को सौंपी अध्यक्ष पद की कमान, बोले- दक्षिण और बंगाल में कमल खिलाने का लक्ष्य
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी के इतिहास में आज एक नया पन्ना जुड़ गया है। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में नितिन नबीन ने आधिकारिक तौर पर भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। इस ऐतिहासिक मौके पर देश के गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत पार्टी के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे।
पदभार सौंपते हुए जेपी नड्डा ने बेहद भावुक और जोश भरा संबोधन दिया। उन्होंने कहा, यह एक ऐतिहासिक अवसर है। दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की कमान अब हमारे युवा, ऊर्जावान और प्रतिभावान साथी नितिन नबीन के हाथों में है। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके नेतृत्व में पार्टी सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएगी। नड्डा ने कार्यकाल के दौरान अपनी किसी भी बात से किसी की भावना को ठेस पहुँचने पर माफी भी मांगी और नए अध्यक्ष को पूर्ण सहयोग का वादा किया।
पार्टी ने नए अध्यक्ष के सामने भविष्य की बड़ी चुनौतियां और लक्ष्य रखे हैं। जेपी नड्डा ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और नितिन नबीन की अध्यक्षता में भाजपा आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी। साथ ही, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल जैसे राज्यों में पार्टी को मजबूत कर वहां कमल खिलाने का संकल्प दोहराया गया।
2024 के नतीजों और जीत के सफर का जिक्र
संबोधन के दौरान जेपी नड्डा ने 2024 के लोकसभा चुनाव परिणामों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने स्वीकार किया कि नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं थे, जिससे कार्यकर्ताओं और समर्थकों में निराशा थी। हालांकि, उन्होंने हरियाणा और महाराष्ट्र की रिकॉर्ड जीत का उदाहरण देते हुए कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर फिर से अटूट भरोसा जताया है। उन्होंने विशेष रूप से दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने और कमल खिलने का जिक्र कर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
Also Read: धुरंधर में रहमान डकैत के रोल के लिए Akshay Khanna नहीं थे पहली पसंद!

