नीतीश सरकार का बड़ा ऐलान: रसोइयों, रात्रि प्रहरियों और अनुदेशकों का मानदेय दोगुना
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक और बड़ा फैसला लिया है। शुक्रवार को उन्होंने ऐलान किया कि शिक्षा विभाग में काम करने वाले रसोइयों, रात्रि प्रहरियों और शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों का मानदेय दोगुना कर दिया गया है।
सीएम नीतीश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 2005 में उनकी सरकार बनने के बाद से शिक्षा बजट 4,366 करोड़ रुपये से बढ़कर 7,7690 करोड़ रुपये हो गया है, जिससे शिक्षा व्यवस्था में काफी सुधार आया है।
मानदेय में कितनी हुई बढ़ोतरी
सरकार के इस फैसले के बाद अब इन कर्मियों को बढ़ा हुआ मानदेय मिलेगा।
रसोइयों: मध्याह्न भोजन योजना में काम करने वाले रसोइयों का मानदेय 1,650 रुपये से बढ़ाकर 3,300 रुपये प्रति माह किया गया है।
रात्रि प्रहरियों: माध्यमिक और उच्च विद्यालयों में तैनात रात्रि प्रहरियों का मानदेय 5,000 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये प्रति माह कर दिया गया है।
शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक: इनका मानदेय 8,000 रुपये से बढ़ाकर 16,000 रुपये प्रति माह किया गया है। साथ ही, इनकी वार्षिक वेतन वृद्धि भी 200 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया है कि इस फैसले से इन कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे और भी ज़्यादा लगन से अपना काम करेंगे।
Also Read: भारत अमेरिका से नहीं खरीदेगा F-35 फाइटर जेट

