नीतीश सरकार का 1 करोड़ नौकरी देने का लक्ष्य, 3 नए विभागों का गठन
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए एक दूरगामी और ऐतिहासिक लक्ष्य की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि सरकार ने वर्ष 2025 से 2030 के बीच 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को पूरा करने के लिए सरकार ने एक साथ कई बड़े संरचनात्मक बदलाव करने का निर्णय लिया है।
युवाओं के लिए तीन नए विभाग
सीएम नीतीश कुमार ने रोजगार सृजन और कौशल विकास को गति देने के लिए राज्य में तीन बिल्कुल नए विभाग बनाने का निर्देश दिया है। ये युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग और नागर विमानन विभाग हैं। सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि इन विभागों के सृजन से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, उद्यमिता और नौकरी के अवसरों से जोड़ने की प्रक्रिया और अधिक तेज और प्रभावी होगी।
कौशल विकास: युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के जरिए अगले 5 वर्षों में बड़ी संख्या में युवाओं को उद्यमिता के अवसर प्रदान करने हेतु विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार दिलाया जाएगा।
शिक्षा में सुधार: उच्च शिक्षा विभाग का उद्देश्य उच्च शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाना, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देना और समाज के सभी वर्गों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराना है।
नागर विमानन: राज्य में कई नए हवाई अड्डों के निर्माण को गति देने और ‘उड़ान योजना’ को प्रभावी बनाने के लिए नागर विमानन विभाग बनाया जाएगा। इससे औद्योगिक वातावरण बढ़ेगा और निर्यात में मदद मिलेगी।
एमएसएमई और विपणन पर भी जोर
सीएम ने आगे कहा कि युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देने के लक्ष्य को आसानी से प्राप्त करने के लिए सरकार ने दो अन्य संस्थाएँ भी बनाने का निर्णय लिया है।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम निदेशालय (MSME): इसके तहत युवाओं के कौशल विकास के लिए प्रत्येक जिले में मेगा स्किल सेंटर की स्थापना की जाएगी।
बिहार विपणन प्रोत्साहन निगम: इसके सृजन से कृषि, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प और ग्रामीण उद्योगों जैसे उत्पादों की गुणवत्ता एवं वितरण व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
Also Read: Lucknow News: वृद्ध महिला की हत्या और चोरी के मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

