नीतीश कुमार का दांव, बिहार में बंपर शिक्षक भर्ती की तैयारी, महिलाओं को मिलेगा 35% आरक्षण
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी जल्द ही दूर होने वाली है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि शिक्षकों की सभी रिक्तियों को तुरंत भरा जाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने विभाग को कहा है कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों के खाली पदों की गणना कर, उनकी नियुक्ति के लिए टीआरई-4 (TRE-4) परीक्षा का आयोजन शीघ्र कराया जाए।
टीआरई-4 जल्द, महिलाओं को मिलेगा खास आरक्षण
सीएम नीतीश कुमार ने स्पष्ट रूप से शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीआरई-4) को जल्द से जल्द आयोजित करने का आदेश दिया है, ताकि बड़ी संख्या में रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जा सकें। इसके साथ ही, उन्होंने एक और महत्वपूर्ण घोषणा की, जिसके अनुसार शिक्षक भर्ती में 35 प्रतिशत आरक्षण का लाभ केवल बिहार की महिलाओं को दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और यह शिक्षक भर्ती इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। बिहार सरकार ने पहले ही शिक्षक भर्ती में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण की नीति लागू की हुई है। नीतीश कुमार ने फिर से कहा कि यह आरक्षण सिर्फ बिहार की निवासी महिलाओं के लिए होगा, ताकि उन्हें रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें। यह नीति महिलाओं के सशक्तिकरण और राज्य में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
पिछले कुछ वर्षों में बिहार सरकार ने शिक्षक भर्ती के कई चरणों में टीआरई (टीचर रिक्रूटमेंट एग्जाम) परीक्षाएं आयोजित की हैं। इन भर्तियों के जरिए लाखों शिक्षकों को सरकारी स्कूलों में नियुक्त किया गया है, जिससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली है। हालांकि, अभी भी कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है, जिसे पूरा करने के लिए अब टीआरई-4 परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी गई है।
Also Read: यूपी टी-20 लीग का शेड्यूल जारी, मेरठ और कानपुर की भिड़ंत से होगा धमाकेदार आगाज़

