नीतीश कुमार चौथी बार निर्विरोध चुने गए JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जेडीयू (JDU) के भीतर उनका कोई विकल्प नहीं है। मंगलवार को नामांकन वापसी का समय बीतने के साथ ही यह साफ हो गया कि नीतीश कुमार एक बार फिर निर्विरोध रूप से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। उनके खिलाफ किसी अन्य नेता ने पर्चा दाखिल नहीं किया था।

निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा

जेडीयू के राष्ट्रीय सचिव और मुख्यालय प्रभारी मोहम्मद निसार ने जानकारी दी कि अध्यक्ष पद के लिए नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 24 मार्च, 2026 की सुबह 11 बजे तक थी। समय सीमा समाप्त होने के बाद मैदान में केवल नीतीश कुमार का ही नाम बचा, जिसके बाद उन्हें निर्वाचित घोषित कर दिया गया। निर्वाचन अधिकारी अनिल प्रसाद हेगड़े आज दोपहर ढाई बजे नीतीश कुमार को जीत का प्रमाण पत्र सौंपेंगे। इस खास मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।

नीतीश कुमार का चौथी बार अध्यक्ष बनना महज एक संगठनात्मक चुनाव नहीं है, बल्कि बिहार की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत है। चर्चाएं तेज हैं कि नीतीश कुमार अब राज्यसभा सदस्य के रूप में दिल्ली की राजनीति पर ध्यान केंद्रित करेंगे, लेकिन पार्टी की पूरी कमान अपने ही हाथों में रखेंगे।

क्या बेटे निशांत कुमार बनेंगे डिप्टी सीएम

राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर है। हाल ही में राजनीति में कदम रखने वाले निशांत को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि बिहार में बनने वाली नई सरकार में उन्हें डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। माना जा रहा है कि नीतीश के दिल्ली जाने के बाद बिहार की सत्ता संरचना में बड़ा फेरबदल होगा और नई सरकार अस्तित्व में आएगी।

Also Read: Strait Of Hormuz की जगह अब इस रुट से भारत आएगा तेल, ऑयल स्ट्रेटजी में आया बड़ा बदलाव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.