बिहार सरकार का तोहफा, नीतीश कुमार ने 16 लाख से अधिक श्रमिकों के खाते में 802 करोड़ रुपये किए ट्रांसफर
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विश्वकर्मा पूजा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर बिहार के निर्माण श्रमिकों को एक बड़ा तोहफा दिया है। बुधवार को उन्होंने 16.4 लाख से अधिक श्रमिकों के बैंक खातों में लगभग 802 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना का एक नया वेब पोर्टल भी लॉन्च किया। इस योजना के तहत, सरकार प्रत्येक निर्माण श्रमिक के खाते में 5,000 रुपये की वार्षिक वस्त्र सहायता राशि भेज रही है।

नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा कि यह सुखद संयोग है कि सृजन के देवता भगवान विश्वकर्मा की पूजा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन एक साथ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के विकास के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना से 16,04,929 निर्माण श्रमिकों के जीवन में सुधार आएगा और उनका सामाजिक और आर्थिक विकास होगा। उन्होंने कहा कि समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े लोगों को मुख्यधारा में लाना उनकी सरकार का मुख्य लक्ष्य है और श्रमिक भाई-बहनों का राज्य की तरक्की में अतुलनीय योगदान है। नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री को उनके जन्मदिन पर एक बार फिर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
Also Read: पीएम मोदी को देश-विदेश से मिली रही जन्मदिन की शुभकामनाएं, शत्रुघ्न सिन्हा के ट्वीट की चर्चा

