राज्यसभा के लिए आज नामांकन करेंगे नीतीश कुमार, क्या बीजेपी का कोई नया चेहरा बनेगा बिहार का मुख्यमंत्री?

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजनीति में आज एक युग का अंत और एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। 10 बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके नीतीश कुमार अब राज्य की सत्ता छोड़कर केंद्र की राजनीति में वापसी कर रहे हैं। आज राज्यसभा नामांकन के आखिरी दिन वह अपनी उम्मीदवारी दाखिल करेंगे, जिससे बिहार में नए नेतृत्व का रास्ता साफ हो गया है।

नामांकन और अमित शाह की मौजूदगी

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सुबह 11:30 बजे बिहार विधानसभा में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस ऐतिहासिक मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मौजूद रहने की प्रबल संभावना है, जो एनडीए की एकजुटता और भविष्य की रणनीति का संकेत है। नीतीश कुमार के साथ जदयू की ओर से रामनाथ ठाकुर भी राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे।

बिहार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री?

नीतीश कुमार के इस्तीफे की संभावनाओं के बीच बिहार में नई सरकार के गठन की अटकलें तेज हैं। सूत्रों के अनुसार बिहार में अब बीजेपी ‘बड़े भाई’ की भूमिका में होगी। चर्चा है कि राज्य के इतिहास में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बनेगा। नई सरकार में मुख्यमंत्री बीजेपी का होगा, जबकि उपमुख्यमंत्री पद जदयू के खाते में जा सकता है। ऐसे में नीतीश कुमार के बेटे की राजनीति में एंट्री को लेकर भी चर्चाएं गर्म हैं।

मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे कौन?

नीतीश कुमार के जाने के बाद 21 साल बाद कमान नए हाथों में होगी। रेस में ये नाम प्रमुख हैं

नित्यानंद राय: केंद्रीय राज्यमंत्री और यादव समुदाय का बड़ा चेहरा। सीटों के तालमेल में इनकी अहम भूमिका रही है।

सम्राट चौधरी: वर्तमान उपमुख्यमंत्री और कुशवाहा समाज के प्रभावशाली नेता।

तो वहीं दूसरी ओर ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा आलाकमान मध्य प्रदेश और राजस्थान की तरह किसी अति-पिछड़ा वर्ग (EBC) की महिला या नए चेहरे को सीएम बनाकर सबको चौंका सकता है।

बैठक और आगामी रणनीति

नामांकन के पश्चात अमित शाह एनडीए के घटक दलों के साथ एक उच्च न स्तरीय बैठक करेंगे। इसमें सरकार के नए स्वरूप, कैबिनेट विस्तार और भविष्य के रोडमैप पर अंतिम मुहर लगेगी। कल पटना में हुई जदयू विधायकों की बैठक में नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के फैसले को पहले ही हरी झंडी मिल चुकी है।

Also Read: अमेठी की खूनी होली: 7 की मौत, 11 घायल, त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.