टैरिफ विवाद पर बोले राजनाथ सिंह, कोई भी देश परमानेंट दोस्त या दुश्मन नहीं

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ पर चल रहे विवाद के बीच एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संबंधों में कोई भी देश हमेशा के लिए दोस्त या दुश्मन नहीं होता, बल्कि केवल स्थायी हित होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया में इस समय ‘ट्रेड वॉर’ जैसे हालात हैं और विकसित देश तेजी से संरक्षणवादी हो रहे हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत किसी भी देश को अपना दुश्मन नहीं मानता, लेकिन हम अपने राष्ट्रीय और जनहितों से कोई समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत पर जोर दिया। उनका मानना है कि आत्मनिर्भरता से ही भारत अपनी रणनीतिक स्वायत्तता (Strategic Autonomy) को मजबूत रख सकता है, जो हमें विश्व की उभरती शक्तियों में एक प्रमुख स्थान दिलाएगी।

रक्षा मंत्री ने साफ किया, चाहे कितना भी दबाव हो, भारत अपने किसानों, छोटे व्यापारियों, दुकानदारों, पशुपालकों और आम नागरिकों के हितों को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता देगा।

भारत अब सिर्फ खरीदार नहीं, निर्यातक भी

राजनाथ सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भरता की कोशिशों से भारत की आयात पर निर्भरता कम हुई है और अब देश एक प्रमुख निर्यातक के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र अब सिर्फ सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अर्थव्यवस्था को सशक्त और सुरक्षित रखने का भी काम कर रहा है।

उन्होंने हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें स्वदेशी उपकरणों का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला। हमारी सेनाओं ने जिस सटीकता से अपने लक्ष्यों को हासिल किया, उससे यह साबित हो गया है कि सही तैयारी और मजबूत समन्वय से हर मिशन सफल हो सकता है।

Also Read: Lucknow News: लखनऊ में प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना का औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.