UP News: भीषण गर्मी में AC का कंप्रेसर फटा, भीषण आग से लाखों की संपत्ति खाक
Sandesh Wahak Digital Desk: नोएडा की तपती गर्मी के बीच एक और एयर कंडीशनर ब्लास्ट की घटना सामने आई है। यह हादसा सेक्टर-36 के ब्लॉक C2/70 स्थित एक मकान में बुधवार दोपहर करीब 12:35 बजे हुआ, जब अचानक AC के कंप्रेसर में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते घर में आग लग गई।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि मकान का एक बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। अनुमान है कि इस अग्निकांड में करीब 15 से 20 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी और दमकल की तत्परता
मकान के मालिक रमेश अरोड़ा ने बताया कि घटना के वक्त घर में तीन लोग मौजूद थे, लेकिन सभी समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे। जैसे ही आग लगी, घरवालों ने शुरुआत में खुद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल गई कि पड़ोसियों को फायर ब्रिगेड को सूचना देनी पड़ी। दमकल विभाग की दो गाड़ियाँ तत्काल मौके पर पहुँचीं और तेज कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। इस पूरे ऑपरेशन में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
वोल्टेज फ्लक्चुएशन बना हादसे की वजह
फायर ब्रिगेड की प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस दुर्घटना का कारण वोल्टेज में अचानक उतार-चढ़ाव (फ्लक्चुएशन) बताया जा रहा है, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और AC का कंप्रेसर फट गया। यही ब्लास्ट आग फैलने की मुख्य वजह बना। वर्तमान में पुलिस और दमकल विभाग की टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है, ताकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव किया जा सके।
Also Read: शाहजहांपुर बाल गृह में महिला कर्मचारी से दुष्कर्म का आरोप, प्रभारी और सहकर्मी पर केस दर्ज

