नोएडा सिलेंडर ब्लास्ट से 4 मंजिला बिल्डिंग में लगी आग, घंटों फंसे रहे 100 से ज़्यादा लोग

Sandesh Wahak Digital Desk: नोएडा के नया गांव सेक्टर 87 की गली नंबर 1 में गत रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक मकान में सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई, जिससे करीब 100 लोग अंदर फंस गए। हालांकि, फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया और बुधवार सुबह तक आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। सबसे अहम बात यह रही कि सभी 100 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

8 मिनट में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम

फायर अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि नया गांव में एक मकान में सिलेंडर फट गया है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम सिर्फ 8 मिनट के अंदर मौके पर पहुँच गई। टीम ने वहाँ जाकर देखा कि इमारत में करीब 100 लोग फंसे हुए थे। तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में इस बात की पुष्टि हुई है कि आग लगने का कारण सिलेंडर फटना ही था।

हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म ने निभाई अहम भूमिका

आग बुझाने के ऑपरेशन में फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियों के साथ-साथ हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मकान की ऊँचाई ज़्यादा होने के कारण फायर की गाड़ियाँ सीधे वहाँ तक नहीं पहुँच पा रही थीं, ऐसे में हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से आग तक पहुँच बनाना और उस पर काबू पाना संभव हो सका। अधिकारियों ने बताया कि त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, वरना अगर थोड़ी भी देरी होती तो हादसा और बड़ा हो सकता था और जानमाल का ज़्यादा नुकसान हो सकता था।

इस पूरी घटना में करीब एक घंटे तक 100 लोग फंसे रहे, लेकिन फायर ब्रिगेड की तत्परता और कुशल बचाव कार्य के कारण सभी को सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना ने एक बार फिर आवासीय इलाकों में गैस सिलेंडर की सुरक्षा और बचाव उपायों के महत्व को उजागर किया है।

Also Read: Ayodhya News: एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे सीएम योगी, राम दरबार में टेका मत्था

Get real time updates directly on you device, subscribe now.