Noida News: हाईराइज सोसाइटी में AC ब्लास्ट से लगी भीषण आग, 21वीं मंजिल पर मची अफरा-तफरी
Noida News: नोएडा की एक हाईराइज सोसाइटी में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फ्लैट में एसी फटने से भीषण आग लग गई।
घटना नोएडा के सेक्टर-119 स्थित द अरण्य (The Aranya) सोसाइटी की है, जहां 21वीं मंजिल पर मौजूद एक फ्लैट से अचानक आग की लपटें उठने लगीं।
आग लगते ही पूरे टावर में दहशत फैल गई। ऊंची लपटों और आसमान में उठते काले धुएं को देखकर सोसाइटी के लोग घबराकर बाहर निकल आए।
मौके पर मौजूद लोगों ने बालकनियों से आवाजें लगाकर फ्लैट में मौजूद लोगों को बाहर निकलने के लिए कहा। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में चीख-पुकार का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड के साथ स्थानीय पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
नोएडा पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और फ्लैट में कोई व्यक्ति फंसा नहीं था।
आग लगने की वजह क्या?
फायर विभाग की प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एसी में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है। फ्लैट में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
क्या बोले फायर अधिकारी?
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे ने बताया कि सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी के एक फ्लैट में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल की टीमों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
प्रारंभिक जांच में एसी में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
फिलहाल, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सोसाइटी में सामान्य हालात बहाल कर दिए गए हैं।

