Noida News: 19 साल के बेटे ने नशे में पिता की जान ले ली, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Noida News: नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के सर्फाबाद गांव में बीती रात करीब 2 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां नशे की आदत से ग्रस्त बेटे ने अपने नशेड़ी पिता की ईंटों से कुचकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 40 वर्षीय गौतम जोगी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनके 19 वर्षीय बेटे उदय हैं, जो पिता की पहली पत्नी के पुत्र हैं।
चाचा के घर जाकर किया हंगामा
घटना के बाद आरोपी बेटे ने पड़ोस में रहने वाले अपने चाचा के घर जाकर दरवाजे पर शोर मचाया और कहा, “मैंने अपने पिता का खून कर दिया है।” पड़ोसियों ने इसे पिता-पुत्र के रोज़मर्रा के झगड़े का हिस्सा समझकर गंभीरता नहीं ली।
सुबह जब चाचा और अन्य परिजन उठे, तो उन्होंने घर के कमरे से खून बहता देखा। दरवाजा खोलने पर उन्होंने गौतम जोगी का शव पड़ा पाया और पास ही आरोपी पुत्र सोया हुआ था।
मृतक के भाई ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी पुत्र उदय को हिरासत में लेकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी।
फॉरेंसिक टीम ने किया निरीक्षण
नोएडा पुलिस के मीडिया सेल ने बताया कि सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में सूचना मिलते ही पुलिस उच्चाधिकारियों सहित मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और शव का पंचायतनामा भरकर अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम भी मौजूद है। पुलिस ने कहा कि शांति व्यवस्था कायम है और आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर आगे की जांच जारी है।
Also Read: पुरुष बांझपन पर चुप्पी के आ रहे गंभीर परिणाम: डॉ. गीता खन्ना

