Noida News: रिटायर्ड अधिकारी को डिजिटल अरेस्ट कर 1.70 करोड़ रुपये की ठगी, पुलिस जांच में जुटी
Noida News: उत्तर प्रदेश के सेक्टर-62 में मिनिस्ट्री ऑफ कॉमर्स के 76 वर्षीय रिटायर्ड डिप्टी डायरेक्टर ओमप्रकाश श्रीवास्तव को सात दिन तक डिजिटल अरेस्ट में रखकर साइबर ठगों ने 1.70 करोड़ रुपये ठग लिए। ठगों ने उन्हें फंसाया कि उनके नाम से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से मुंबई में कॉल कर गाली दी जा रही है। इसके बाद बुजुर्ग को मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल बताकर फर्जी सीबीआई जांच का डर दिखाया गया।
रकम वेरिफाई करने के बहाने आरटीजीएस कराए
ठगों ने बैंक खातों की जानकारी लेकर रकम वेरिफाई करने के बहाने आरटीजीएस से दो किश्तों में कुल 1.70 करोड़ रुपये ट्रांसफर कराए। जांच में पता चला कि 1.30 करोड़ रुपये बंगलूरू की एसपीएसजी ग्लोबल कम्पैशन एंटरप्राइजेज में और शेष राशि गुजरात के जूनागढ़ की बैंक शाखा में जमा कराई गई।
पीड़ित को फर्जी कोर्ट में पेश किया
पीड़ित ने बताया कि ठगों ने फर्जी अदालत में पेश कर फर्जी जज की तरह दिखने वाले व्यक्ति के जरिए उन्हें हिरासत में रखने की धमकी दी। फर्जी सीबीआई अधिकारी विजय खन्ना ने कहा कि उनके नाम से मुंबई में खाता खोला गया है और गलत लेन-देन में इस्तेमाल हुआ। ठगों ने पीड़ित को कमरे से बाहर नहीं निकलने दिया।
बुजुर्ग ने शक होने पर अपने बेटे को सारी घटना बताई। रात 11 बजे तक ठग रुपये के लिए दबाव डाल रहे थे। इसके बाद बेटे ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Also Read: Hamirpur News: जेल में कैदी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, 8 लोगों पर FIR

