Noida Police: 821 चोरी के मोबाइल फोन बरामद, 6 करोड़ का ‘इंटरस्टेट गैंग’ धरा गया

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली-NCR में मोबाइल चोरी करने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए नोएडा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना फेस-2 पुलिस ने एक ऐसे गैंग को दबोचा है जिसके पास से विभिन्न कंपनियों के 821 चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। बाजार में इन फोन की अनुमानित कीमत 6 से 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने दिया 25 हजार का इनाम

इस बड़ी कामयाबी पर गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

कैसे देते थे वारदात को अंजाम?

पकड़े गए अभियुक्त और बाल अपचारी बेहद शातिर तरीके से चोरी करते थे। ये लोग भीड़भाड़ वाले बाजारों, सब्जी मंडियों और साप्ताहिक पैठ बाजारों में ग्राहकों को निशाना बनाते थे। सर्दियों में लोग जैकेट पहनते हैं, जिसका फायदा उठाकर ये लोग जेब से फोन पार कर देते थे। फोन चुराने के तुरंत बाद ये अपने दूसरे साथी को फोन थमा देते थे ताकि पकड़े जाने पर कुछ बरामद न हो। भारी मात्रा में फोन इकट्ठा होने के बाद ये ट्रेन के जरिए बिहार और झारखंड जाकर इन्हें ऊंचे दामों पर बेच देते थे।

ककराला में चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी

6 जनवरी 2026 को थाना फेस-2 पुलिस ग्राम ककराला में संदिग्धों की तलाश में थी। इसी दौरान 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और 2 बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में भागलपुर (बिहार) और साहिबगंज (झारखंड) के रहने वाले शातिर अपराधी शामिल हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों की प्रोफाइल

गोविन्दा महतो (भागलपुर, बिहार)

रोहित सैनी (मेरठ/नोएडा)

श्याम कुमार राय (साहिबगंज, झारखंड)

भरतीया महतो (साहिबगंज, झारखंड)

शेखर (साहिबगंज, झारखंड)

प्रदीप कुमार (साहिबगंज, झारखंड)

जांच में सामने आया कि गैंग के कुछ सदस्य शिक्षित हैं तो कुछ अनपढ़, लेकिन सभी मिलकर इस संगठित अपराध को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क के अन्य सदस्यों और फोन खरीदने वाले रिसीवर्स की तलाश कर रही है।

Also Read: लखनऊ: मड़ियांव ओवरब्रिज के नीचे गांजा बेच रहा तस्कर गिरफ्तार, 2 किलो से अधिक नशीला पदार्थ बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.