लखनऊ में बिना मान्यता वाले 19 स्कूलों को नोटिस, 3 दिन में देना होगा जवाब
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के बख्शी का तालाब (BKT) इलाके में बिना मान्यता के चल रहे 19 निजी स्कूलों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की गई है। इन स्कूलों ने न तो मान्यता से जुड़े ज़रूरी दस्तावेज़ दिखाए और न ही यू-डायस कोड (U-DISE code) सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी शिक्षा विभाग को दी थी। अब बीकेटी की बेसिक शिक्षा अधिकारी (BEO) ने इन स्कूलों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। अगर समय पर जवाब नहीं मिला, तो इन स्कूलों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गैर-मान्यता प्राप्त स्कूलों पर कार्रवाई के निर्देश
दरअसल, कुछ दिन पहले ही अतिरिक्त बेसिक शिक्षा निदेशक श्याम किशोर तिवारी ने सभी गैर-मान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश जारी किए थे। बीकेटी की बीईओ प्रीति शुक्ला ने बताया कि इस अभियान के तहत उनके इलाके में चल रहे निजी स्कूलों का अचानक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्कूलों से पूछा गया कि उन्होंने किससे मान्यता ली है और यू-डायस कोड सहित अन्य ज़रूरी जानकारी मांगी गई, लेकिन इन स्कूलों के प्रबंधन ने गोलमोल जवाब दिए।
साक्ष्य न देने पर होगी कार्रवाई की सिफारिश
बीईओ प्रीति शुक्ला ने बताया कि इन 19 स्कूलों को नोटिस भेजकर तीन दिन के अंदर मान्यता से जुड़े सभी दस्तावेज़ मांगे गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर ये स्कूल साक्ष्य उपलब्ध कराने में विफल रहते हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए सिफारिश की जाएगी। यह कदम शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है, ताकि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।
Also Read: IND vs ENG: शुभमन गिल के बाहर जाते ही कप्तान बने केएल राहुल, जानिए क्यों लिया गया अचानक फैसला

