Lucknow News: मंत्री का काफिला रोकना बीजेपी विधायक को पड़ा भारी, हाईकमान ने थमाया नोटिस
Lucknow News: अपनी ही सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोककर सार्वजनिक रूप से बहस करने वाले बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत (गुड्डू राजपूत) पर पार्टी ने सख्त रुख अपना लिया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इस अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए विधायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
दरअसल, महोबा के चरखारी से विधायक बृजभूषण राजपूत ने अपने समर्थकों के साथ जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को बीच सड़क पर रोक लिया था। विधायक का दावा था कि वे अपने क्षेत्र में ‘जल जीवन मिशन’ से जुड़ी जनसमस्याओं की ओर मंत्री का ध्यान खींचना चाहते थे, लेकिन देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। सरेआम हुई इस बहस ने विपक्षी दलों को बैठे-बिठाए सरकार पर सवाल उठाने का मौका दे दिया।
मुख्यमंत्री पर दिए बयान ने बढ़ाई मुश्किलें
मामला तब और बिगड़ गया जब विधायक ने मीडिया से बातचीत में अति-उत्साह में कह दिया कि वे सिर्फ मंत्री ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ी तो सीएम योगी आदित्यनाथ का काफिला भी रोक सकते हैं। इस बयान को पार्टी हाईकमान ने सीधे तौर पर अनुशासनहीनता और अहंकार की पराकाष्ठा माना है।
यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इस तरह की अंदरूनी कलह पार्टी की छवि खराब कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने स्पष्ट कर दिया है कि सार्वजनिक रूप से अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले नेताओं को बख्शा नहीं जाएगा। विधायक से सात दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है कि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए।
Also Read: पतले लोगों में भी बढ़ रहा Fatty Liver का खतरा

