अब हर टोल प्लाजा पर दिखेगी मासिक और वार्षिक पास की पूरी जानकारी, NHAI की नई पहल

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने शुक्रवार को टोल प्लाज़ा से गुजरने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ा और पारदर्शी कदम उठाया है। अब देश के हर टोल प्लाज़ा पर साइनेज बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जिन पर स्थानीय मासिक पास और वार्षिक पास से जुड़ी पूरी जानकारी दी जाएगी। एनएचएआई का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य है लोगों को उनके अधिकारों और सुविधाओं के प्रति जागरूक बनाना।

टोल प्लाज़ा पर मिलेगी पूरी जानकारी

अब यात्रियों को यह जानने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा कि टोल पास कैसे बनता है, कहाँ से बनता है और इसकी कीमत कितनी है। एनएचएआई (NHAI) ने कहा कि सभी टोल प्लाज़ा पर साइनेज बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जो एंट्री गेट, ग्राहक सेवा केंद्र के प्रवेश और निकास दोनों स्थानों पर होंगे। इन बोर्ड्स पर दी गई जानकारी हिंदी और स्थानीय भाषा में होगी, ताकि हर व्यक्ति इसे आसानी से समझ सके।

30 दिनों में पूरे देश में लागू होगी योजना

एनएचएआई (NHAI) ने अपने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को निर्देश दिया है कि 30 दिनों के भीतर यह बोर्ड हर टोल प्लाज़ा पर लगा दिए जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि ये बोर्ड दिन और रात, दोनों समय स्पष्ट रूप से दिखाई दें। इसके अलावा एनएचएआई इन जानकारियों को ‘राजमार्ग यात्रा’ मोबाइल ऐप और अपनी परियोजना वेबसाइटों पर भी अपलोड करेगी, जिससे लोग ऑनलाइन भी विवरण देख सकें।

क्या है स्थानीय मासिक पास ?

मासिक स्थानीय पास उन लोगों के लिए है जो किसी टोल प्लाज़ा से 20 किलोमीटर (या निर्धारित दूरी) के अंदर रहते हैं और रोज़ाना अपने निजी वाहन से यात्रा करते हैं। वहीं यह पास बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज़ हैं- आधार कार्ड, वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) और स्थानीय पते का प्रमाण पत्र। इन दस्तावेजों के साथ टोल प्लाज़ा के हेल्पडेस्क पर जाकर आसानी से मासिक पास बनवाया जा सकता है।

वार्षिक पास: एक बार भुगतान, पूरे साल सुविधा

जो यात्री बार-बार टोल प्लाज़ा पार करते हैं, उनके लिए एनएचएआई ने वार्षिक पास की सुविधा दी है। यह पास केवल निजी वाहनों के लिए उपलब्ध होगा। इसके लिए 3000 रुपए का एकमुश्त भुगतान करना होगा। वार्षिक पास के ज़रिए आप एक वर्ष तक या अधिकतम 200 बार टोल प्लाज़ा पार कर सकते हैं। इसे राजमार्ग यात्रा ऐप या फास्टैग रिचार्ज प्लेटफॉर्म से ऑनलाइन खरीदा जा सकता है। वहीं एनएचएआई की यह पहल न केवल पारदर्शिता बढ़ाने में मदद करेगी, बल्कि यात्रियों के समय और धन की भी बचत करेगी। साइनेज बोर्ड के ज़रिए अब हर व्यक्ति को यह स्पष्ट रूप से पता रहेगा कि टोल पास कैसे बनवाना है और कौन-सी सुविधा उनके लिए बेहतर है।

 

Also Read: WhatsApp ला रहा है नया ‘@All’ फीचर, अब एक ही मैसेज से अलर्ट होंगे पूरे ग्रुप के मेंबर!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.