Bahraich News: सांसद आनंद गोंड की मेहनत लाई रंग, अब कतर्नियाघाट के जंगलों में भी दौड़ेंगी हाई स्पीड ट्रेनें

Bahraich News: हिमालय की तराई में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में रेल मंत्रालय ने एक बड़ा कदम उठाया है। बहराइच के सांसद डॉक्टर आनंद कुमार गोंड के अथक प्रयासों से अब कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य से गुजरने वाले क्षेत्र में भी हाई स्पीड ट्रेनों के चलने का रास्ता साफ हो गया है। हाल ही में बहराइच से बनारस तक चलने वाली ट्रेन को नानपारा तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया था, और अब रेलवे ने इससे भी आगे बढ़कर महत्वपूर्ण घोषणा की है।

मैलानी से नानपारा तक बिछेगी ब्रॉडगेज लाइन

रेलवे ने भीरा खीरी-रायबोझा (120 किमी) के बीच नई रेल लाइन बिछाने और मैलानी-भीरा खीरी (16 किमी) तथा नानपारा-रायबोझा (13 किमी) के गेज परिवर्तन (मीटर गेज से ब्रॉडगेज) के लिए सर्वेक्षण (फाइनल लोकेशन सर्वे- एफएलएस) को मंजूरी दे दी है। इस कदम से मैलानी से नानपारा के बीच ब्रॉडगेज की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे यह पूरा क्षेत्र देश के ब्रॉड गेज नेटवर्क से जुड़कर विकास की मुख्य धारा में आ सकेगा।

दुधवा नेशनल पार्क के बाहर से गुजरेगी नई लाइन

उत्तर प्रदेश के बहराइच और खीरी जिलों में स्थित मैलानी-नानपारा मीटर गेज लाइन के मैलानी-भीरा खीरी और नानपारा-रायबोझा खंडों का गेज परिवर्तन होगा। सबसे खास बात यह है कि भीरा खीरी और रायबोझा के बीच नई ब्रॉड गेज रेलवे लाइन ‘दुधवा राष्ट्रीय उद्यान’ के बाहर से गुजरेगी, ताकि वन्यजीवों पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। इस सर्वेक्षण के लिए 3.58 करोड़ रुपये की लागत को मंजूरी दी गई है। फाइनल लोकेशन सर्वे के साथ ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने का काम भी शुरू किया जाएगा।

पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि सर्वेक्षण कार्य के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इस रेलवे लाइन के ब्रॉडगेज होने से दिल्ली सहित देश के पश्चिमी और उत्तरी भाग में जाने के लिए एक सुविधाजनक मार्ग मिलेगा। साथ ही, पूर्वी भारत से पीलीभीत और उत्तराखंड जाने के लिए भी एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो जाएगा।

यह परियोजना क्षेत्र में पर्यटन को जबरदस्त बढ़ावा देगी, क्योंकि कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य तक पहुंच आसान हो जाएगी। इसके अलावा, यहां के वन्य और कृषि उत्पादों को सीधे देश के बड़े शहरों तक सीधी ट्रेन सुविधा के माध्यम से पहुंचाया जा सकेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा मिलेगा।

रिपोर्ट: प्रभंजन शुक्ल

Also Read: Balrampur News: छांगुर से जुड़े 14 ठिकानों पर ED की छापेमारी, मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशी फंडिंग की जांच तेज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.