अब आवाज में लौटेगा शक्तिमान, मुकेश खन्ना कर रहे दमदार वापसी

Sandesh Wahak Digital Desk: 90 के दशक के सबसे चहेते भारतीय सुपरहीरो ‘शक्तिमान’ अब एक नए अंदाज़ में वापसी कर रहे हैं। इस बार शक्तिमान किसी टीवी या फिल्म स्क्रीन पर नहीं, बल्कि आपकी आवाज़ की दुनिया में लौट रहा है। अभिनेता मुकेश खन्ना, जो इस किरदार से हर भारतीय के दिल में बस चुके हैं, अब पॉडकास्ट और ऑडियो सीरीज़ के जरिए इस पौराणिक किरदार को फिर से जीवंत करने जा रहे हैं।

Pocket FM ने शक्तिमान को एक ओरिजिनल ऑडियो सीरीज़ के रूप में पेश करने की घोषणा की है, जिसमें मुकेश खन्ना एक बार फिर अपनी दमदार आवाज़ में शक्तिमान को जगा रहे हैं। इस बारे में बात करते हुए मुकेश खन्ना ने कहा, शक्तिमान केवल एक धारावाहिक नहीं था, वह एक भावना है, जो आज भी करोड़ों दिलों में जीवित है। अब इस नए ऑडियो फॉर्मेट में इसे अगली पीढ़ी से जोड़ने का अवसर मिलना मेरे लिए बेहद खुशी की बात है।

उन्होंने आगे कहा, नई कहानियों, नई सोच और पुराने मूल्यों को साथ लेकर, शक्तिमान एक बार फिर युवाओं तक अपनी ताक़त, नैतिकता और सकारात्मकता पहुंचाएगा। शक्तिमान का मूल टीवी शो 1997 से 2005 तक दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ था। इस शो में शक्तिमान की भूमिका निभाने के साथ-साथ मुकेश खन्ना ने इसे प्रोड्यूस भी किया था। शो में उनके साथ गीता विश्वास के रोल में वैश्नवी महंत (प्रारंभ में किटू गिडवानी) और खलनायक तमराज किलविश के किरदार में सुरेंद्र पाल नज़र आए थे।

शो को बच्चों और युवाओं के बीच भारी लोकप्रियता मिली थी, और इसने देश में सकारात्मक सोच और नैतिकता का संदेश फैलाया था। Pocket FM के सीईओ और को-फाउंडर रोहन नायक ने कहा, शक्तिमान को ऑडियो फॉर्मेट में लाना हमारे लिए गर्व की बात है। यह सिर्फ एक किरदार नहीं बल्कि एक विरासत है। हम चाहते हैं कि यह नई पीढ़ी तक नई कहानियों और मॉडर्न स्टोरीटेलिंग के ज़रिए पहुंचे। मुकेश खन्ना की कंपनी भीष्म इंटरनेशनल के सहयोग से तैयार हो रही इस ऑडियो सीरीज़ में एक नई कहानी, नया रोमांच और शक्तिमान की नई दुनिया सुनने को मिलेगी।

Also Read: सोफी चौधरी ‘वॉर 2’ में ऋतिक रोशन का एक्शन देखने का कर रहीं बेसब्री से इंतजार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.