अब शिक्षकों को नहीं करना होगा इलाज के लिए खर्च, दिवाली से पहले मिलेगा कैशलेस उपचार का लाभ
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य के शिक्षकों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षकों और उनके परिजनों को दिवाली से पहले कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी।
यह योजना लगभग 11 लाख शिक्षकों और 60 लाख से अधिक उनके परिजनों को लाभ पहुंचाएगी। खास बात यह है कि इस सुविधा के लिए पात्र शिक्षकों को किसी प्रकार का अंशदान नहीं देना होगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह सेवा पूरी तरह निशुल्क होगी।
किन्हें मिलेगा योजना का लाभ:
- बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक
- शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइया
- माध्यमिक शिक्षा के अशासकीय सहायता प्राप्त व सेल्फ फाइनेंस विद्यालयों के शिक्षक
- उच्च शिक्षा के अशासकीय सहायता प्राप्त और सेल्फ फाइनेंस महाविद्यालयों के शिक्षक
- इन सभी शिक्षकों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी इस योजना के दायरे में आएंगे।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है, जिससे वे निःशुल्क और बिना किसी वित्तीय बोझ के आवश्यक चिकित्सा उपचार प्राप्त कर सकें।

