अब इन सरकारी अस्पतालों में भी होगा Genetic Diseases का सफल इलाज
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय ने मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज और इससे जुड़े लोक नायक अस्पताल में मेडिकल जेनेटिक्स विभाग शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इस महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने साझा की। यह विभाग गर्भावस्था से लेकर नवजात शिशु, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों तक जीवन के हर चरण में होने वाली जेनेटिक बीमारियों (Genetic Diseases) के इलाज पर केंद्रित रहेगा। खासतौर पर बच्चों और दुर्लभ बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को इससे बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
चिकित्सा का उभरता क्षेत्र बनेगा मेडिकल जेनेटिक्स
यहां स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मेडिकल जेनेटिक्स आधुनिक चिकित्सा का तेजी से उभरता हुआ क्षेत्र है। इस विभाग की स्थापना से जेनेटिक बीमारियों (Genetic Diseases) की समय रहते पहचान, जोखिम का आकलन और आधुनिक इलाज संभव हो सकेगा। जीन थेरेपी, विशेष दवाएं और गर्भ में ही इलाज जैसी उन्नत तकनीकों को अब दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में भी उपलब्ध कराया जाएगा। यह विभाग फिटल मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, जनरल मेडिसिन और ऑन्कोलॉजी के साथ मिलकर काम करेगा, जिससे कैंसर जेनेटिक्स के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं खुलेंगी और मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार व्यक्तिगत इलाज मिल सकेगा।
यहां मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज और लोक नायक अस्पताल में डीएम मेडिकल जेनेटिक्स की दो सुपर स्पेशलिटी सीटों को भी मंजूरी दी गई है। इससे विशेषज्ञ डॉक्टरों की नई पीढ़ी तैयार होगी और जटिल व दुर्लभ बीमारियों के इलाज की सुविधाएं और बेहतर होंगी। इस विभाग का उद्घाटन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
Genetic Diseases के लिए ऐतिहासिक पहल
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मेडिकल जेनेटिक्स विभाग की स्थापना दिल्ली के स्वास्थ्य तंत्र के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। इससे बीमारियों (Genetic Diseases) की जल्द पहचान कर बेहतर इलाज संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि सरकारी अस्पतालों के माध्यम से हर नागरिक को विश्वस्तरीय इलाज उपलब्ध कराया जाए।
वहीं इसी अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के मौके पर त्यागराज स्टेडियम में आयोजित मेगा रक्तदान शिविर का दौरा किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आए, जिसे स्वास्थ्य मंत्री ने प्रेरणादायक बताया।
Also Read: पंजाब में सरहिंद के पास मालगाड़ी के गुजरते ही उड़ी पटरी, लोको पायलट घायल

