यूपी के एडेड स्कूलों में अब ऑनलाइन होंगे शिक्षकों के तबादले, पहले चरण में 360 को मिली नई तैनाती

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा विभाग ने एक बड़ा और पारदर्शी कदम उठाया है। प्रदेश के एडेड माध्यमिक विद्यालयों में पहली बार शिक्षकों के तबादले ऑनलाइन माध्यम से किए गए हैं। इस नई प्रक्रिया के तहत कुल 360 शिक्षकों का ट्रांसफर हुआ है।

हालांकि, इस पहले चरण में कुछ तकनीकी और दस्तावेजी कमियों के चलते 106 शिक्षकों के तबादला आवेदन रद्द भी कर दिए गए। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर निदेशक सुरेंद्र कुमार तिवारी की देखरेख में यह पूरी ऑनलाइन प्रक्रिया संपन्न हुई। तबादले के आदेश विभाग की आधिकारिक वेबसाइट secaidedtransfer.upsdc.gov.in पर अपलोड कर दिए गए हैं, जहाँ संबंधित शिक्षक लॉगिन करके अपना स्टेटस देख सकते हैं।

अब तक ऑफलाइन होती थी तबादले की प्रक्रिया

यह पहला मौका है जब यूपी के एडेड स्कूलों में शिक्षकों के लिए ऑनलाइन तबादला प्रक्रिया अपनाई गई है। इससे पहले, तबादले पूरी तरह से ऑफलाइन होते थे, जिस पर अक्सर पारदर्शिता को लेकर सवाल उठते रहे थे।

1200 ऑफलाइन आवेदन अभी भी विचाराधीन

एक तरफ जहाँ ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू हुई है, वहीं दूसरी ओर करीब 1200 शिक्षकों के ऑफलाइन माध्यम से भेजे गए तबादला आवेदन अभी भी विचाराधीन हैं। इनमें से कई आवेदनों में तकनीकी खामियाँ या नियमों की अनदेखी सामने आई है, जिस कारण इन तबादलों पर फिलहाल कोई फैसला नहीं हो पाया है। विभाग के सूत्रों के मुताबिक, इन मामलों पर उच्च स्तर पर विचार-विमर्श के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।

Also Read: UP Police: टेरर फंडिंग पर लगेगी लगाम, यूपी पुलिस सीखेगी वर्चुअल मनी की पड़ताल के गुर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.