अब यूपी पुलिस नहीं करेगी ‘तू-तड़ाक’, गाज़ियाबाद पुलिस आयुक्त ने जारी किए ये निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की गाज़ियाबाद पुलिस अब आम नागरिकों से बात करते समय ‘तू’ या ‘तुम’ जैसे शब्दों का प्रयोग नहीं करेगी। जनता के साथ सौम्य और सम्मानजनक व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए नए पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ ने एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की है। इसके तहत पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अब जनता से बातचीत करते समय ‘आप’ और ‘जी’ जैसे आदरसूचक शब्दों का प्रयोग करें।
पुलिस-जनता संवाद में बदलाव की पहल
पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ ने अपने हालिया आदेशों में साफ किया कि पुलिस की छवि को सुधारना और जनता के साथ विश्वास का रिश्ता बनाना अब उनकी प्राथमिकता होगी। इसके तहत पुलिसकर्मियों को अब ‘आप’ कहकर संबोधित करना अनिवार्य होगा। थाने आने वाले लोगों को बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल सुविधा, और बच्चों को चॉकलेट देने जैसी मानवीय पहल शुरू की जाएगी।
उन्होंने साफ किया कि यह पहल एक घटना के बाद सामने आई जब एचएमएल कॉलेज के डायरेक्टर धीरज शर्मा के साथ कथित तौर पर ग़लत व्यवहार किया गया। इसके बाद नंदग्राम थाने में तैनात एसआई लेखराज और हेड कांस्टेबल रावेंद्र व सगीर को सस्पेंड कर दिया गया।
कॉल पर भी विनम्र भाषा में बात करने के निर्देश
गौड़ ने सभी पुलिसकर्मियों से यह भी कहा कि वे फोन कॉल्स पर भी नम्र भाषा का प्रयोग करें। उन्होंने बताया कि यह पहल केवल औपचारिक नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य जनता में पुलिस के प्रति भरोसा और सुरक्षा की भावना को बढ़ाना है।
गौड़ ने स्पष्ट किया कि वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, दिव्यांगों और बच्चों के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार सहन नहीं किया जाएगा। सभी थानों में ऐसे लोगों को प्राथमिकता देने और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। महिलाओं को सूर्यास्त के बाद थाने नहीं बुलाया जाएगा, और वे महिला हेल्प डेस्क पर अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकती हैं।
ड्यूटी पर मोबाइल और ईयरफोन के इस्तेमाल पर रोक
पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन, ईयरफोन, ब्लूटूथ डिवाइस आदि के इस्तेमाल से भी मना किया गया है। साथ ही अगर कोई अधिकारी दुर्व्यवहार करता है, तो उसकी रिकॉर्डिंग डीसीपी के नंबर पर भेजी जा सकती है, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Gonda Politics: पूर्वांचल की सियासत में नयी इबारत लिख सकती है बृजभूषण-योगेश की मुलाकात!

