चुनाव आयोग के खिलाफ NSUI और युवा कांग्रेस का हल्ला बोल, संसद में विपक्ष का प्रदर्शन जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: वोट चोरी और मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर विपक्षी दलों का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आरोपों के समर्थन में दिल्ली मुख्यालय से जंतर-मंतर तक मार्च निकाला। वहीं, युवा कांग्रेस के ‘हल्ला बोल मार्च’ के दौरान कई कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
संसद में विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन
संसद के मानसून सत्र के 17वें दिन, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इंडिया ब्लॉक के अन्य सदस्यों के साथ विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। कई विपक्षी सांसद ‘124 नॉट आउट’ नारे वाली सफेद टी-शर्ट पहने हुए थे। इस नारे के जरिए वे बिहार में 124 साल की एक कथित मतदाता के नाम को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे थे।
सोमवार को भी राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई विपक्षी सांसदों को चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च करते समय हिरासत में लिया गया था।
एक राष्ट्र, एक चुनाव पर समिति को मिला और समय
इसी बीच, लोकसभा ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विधेयक पर बनी संयुक्त संसदीय समिति की रिपोर्ट जमा करने की अवधि को बढ़ा दिया है। अब यह समिति 2025 में शीतकालीन सत्र के अंतिम सप्ताह के पहले दिन तक अपने निष्कर्ष प्रस्तुत कर सकेगी। यह प्रस्ताव समिति के अध्यक्ष पीपी चौधरी ने पेश किया था।

