रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने 3 बाइकों को रौंदा, 5 लोगों की मौके पर ही मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: ओडिशा के गंजाम जिले के बरहमपुर शहर में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने चीख-पुकार मचा दी। हल्दियापदर चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक के बाद एक तीन मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक ड्राइवर बेखौफ होकर हाईवे पर गलत दिशा में गाड़ी दौड़ा रहा था। सामने से आ रही बाइकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और ट्रक उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गया। हादसे के बाद हाईवे पर मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों की रूह कांप गई। सड़क पर शव बिखरे पड़े थे और काफी देर तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और साउथ रेंज के आईजी नीति शेखर मौके पर पहुंचे। आईजी ने बताया कि ट्रक स्थानीय स्तर पर ही आवाजाही कर रहा था, लेकिन गलत दिशा में आने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मृतकों की पहचान सूर्य नारायण पंडा, सिबाराम जेना, जगन नाहक और राकेश नाहक के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे की घोषणा

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। साथ ही प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में कोई कमी न छोड़ी जाए।

Also Read: अमेठी में गूंजा ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’, कांग्रेसियों ने चौपाल लगाकर केंद्र पर साधा निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.