बीजेपी सरकार में अधिकारी बनाम अधिकारी…अखिलेश यादव ने क्यों कही ये बात?

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित आयकर विभाग कार्यालय में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इंडियन रेवेन्यू सर्विस (IRS) के एक वरिष्ठ अधिकारी गौरव गर्ग पर उन्हीं के एक सहकर्मी ने हमला कर दिया। यह घटना ऑफिस में हुई एक बहस के बाद हुई, जो अचानक हिंसा में तब्दील हो गई।

घायल अधिकारी गौरव गर्ग को फौरन सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि यह विवाद हजरतगंज के आयकर कार्यालय में हुआ, जहां दोनों अधिकारियों के बीच किसी मुद्दे को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। बहस ने तेजी से उग्र रूप ले लिया और फिर एक अधिकारी ने दूसरे पर हमला कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

डीसीपी सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि IRS अधिकारी गौरव गर्ग ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि हमले की असल वजह क्या थी और आरोपी अधिकारी के खिलाफ क्या अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

गौर करने वाली बात यह भी है कि घायल अधिकारी गौरव गर्ग की पत्नी रवीना त्यागी लखनऊ में तैनात एक सीनियर IPS अधिकारी हैं, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।

अखिलेश यादव ने सरकार पर उठाए सवाल

इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “अब तक भाजपा सरकार में पुलिस बनाम पुलिस का मामला था, अब अधिकारी बनाम अधिकारी की नौबत आ गई है। लखनऊ में एक IRS अधिकारी को बंधक बनाकर पीटने का मामला सामने आया है। यह जांच का विषय है कि एक IPS अधिकारी के पति के साथ ऐसा क्यों हुआ और इसके पीछे कौन लोग हैं।”

घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद आयकर विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस चुप्पी ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के पीछे की असली वजह और दोषी अधिकारी की पहचान को लेकर स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

Also Read: Ankita Bhandari Murder Case: पुलकित आर्य समेत तीनों दोषियों को उम्रकैद, कोर्ट ने सुनाई सख्त सजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.