रिलीज से पहले चर्चा में Oh Romeo, बिना फीस काम करने वाले स्टार्स ने बढ़ाई दिलचस्पी

Sandesh Wahak Digital Desk: शाहिद कपूर की फिल्म Oh Romeo की रिलीज में अब सिर्फ चार दिन बाकी रह गए हैं और फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। साजिद नाडियाडवाला और विशाल भारद्वाज की इस फिल्म का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा है। फिल्म में शाहिद कपूर के साथ तृप्ति डिमरी, अविनाश तिवारी, नाना पाटेकर, फरीदा जलाल, दिशा पाटनी, तमन्ना भाटिया और विक्रांत मैसी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। रिलीज से पहले ही फिल्म ने इंडस्ट्री और दर्शकों के बीच खास चर्चा बटोर ली है।

बिना फीस काम करने वाले कलाकारों ने बढ़ाई चर्चा

फिल्म Oh Romeo को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर हो रही है कि विक्रांत मैसी और तमन्ना भाटिया ने इस फिल्म में काम करने के लिए कोई फीस नहीं ली है। फिल्म के प्रमोशन के दौरान डायरेक्टर विशाल भारद्वाज ने इस बात का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि दोनों कलाकारों ने अपने किरदार को प्राथमिकता देते हुए बिना फीस काम करने का फैसला लिया।

विक्रांत मैसी ने निभाया पुराना वादा

विशाल भारद्वाज ने बताया कि विक्रांत मैसी ने कई साल पहले Oh Romeo के लिए हां कर दी थी, जब वह इंडस्ट्री में उभरते हुए कलाकार थे। फिल्म ‘12th Fail’ के बाद स्टार बनने के बावजूद जब उनसे दोबारा संपर्क किया गया तो उन्होंने अपना पुराना वादा निभाया और बिना फीस फिल्म करने का फैसला लिया। विक्रांत ने यह भी बताया कि विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘मकबूल’ देखने के बाद उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में आने की प्रेरणा मिली थी। विक्रांत मैसी ने फिल्म के लिए करीब 8 से 9 दिन शूटिंग की और कहानी में मजबूत योगदान दिया।

तमन्ना भाटिया ने भी दिखाई प्रोफेशनल कमिटमेंट

विशाल भारद्वाज के मुताबिक बजट सीमित होने के बावजूद तमन्ना भाटिया ने भी बिना फीस Oh Romeo फिल्म में काम करने के लिए हामी भर दी। उनका रोल भले छोटा हो, लेकिन फिल्म के बड़े प्लॉट ट्विस्ट में उनकी अहम भूमिका है। तमन्ना ने करीब 12 दिन शूटिंग की, जो तय समय से ज्यादा था। उन्होंने अपने किरदार को बेहतर बनाने के लिए वर्कशॉप और रिहर्सल में भी हिस्सा लिया।

फिल्म का बजट और बॉक्स ऑफिस टारगेट

रिपोर्ट्स के मुताबिक Oh Romeo का बजट करीब 75 से 80 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म को हिट होने के लिए बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना होगा। यह फिल्म शाहिद कपूर के करियर के बड़े बजट प्रोजेक्ट्स में से एक मानी जा रही है। फिल्म के OTT और सैटेलाइट राइट्स पहले ही बिक चुके हैं, जिससे रिलीज से पहले ही अच्छी रिकवरी हो चुकी है। ‘ओ रोमियो’ 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

 

Also Read: UP ANTF: मुरादाबाद में 18 लाख की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्विफ्ट कार बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.