जालौन में ‘तेल सिंडिकेट’ का भंडाफोड़, UP STF ने 7 को दबोचा, 53 हजार लीटर डीजल बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे पर टैंकरों से तेल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़ किया है। गिरोह के सात सदस्यों को जालौन के कालपी थाना क्षेत्र से रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से करीब 53,160 लीटर डीजल और 1150 लीटर पेट्रोल के अलावा चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण, नकदी और दो टैंकर भी जब्त किए गए हैं।

एसटीएफ को पिछले कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि कुछ शातिर बदमाश तेल कंपनियों के टैंकर चालकों से मिलकर डीजल और पेट्रोल की चोरी कर रहे हैं, जिसे सस्ते दामों पर अलग-अलग राज्यों में बेचा जा रहा है। 23 जुलाई को मुखबिर से पक्की सूचना मिलने पर टीम ने कालपी के जोल्हूपुर मोड़ के पास गोदाम में छापा मारा और गिरोह के सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार हुए आरोपियों के नाम

  1. राहुल पुत्र रामखेलावन, प्रतापपुर, थाना सिवली, कानपुर देहात
  2. रिंकू कुमार पुत्र अमरकेश, दाई ताला, थाना सिवली, कानपुर देहात
  3. अकील अहमद पुत्र वाहिद अली, चरखारी, महोबा
  4. तौहीद खान पुत्र नफीस, नौगांव, छतरपुर (मध्यप्रदेश)
  5. रामबाबू पुत्र भूरे लाल, चबुतरा, कालपी, जालौन
  6. मुशर्रत अली उर्फ मुन्ना पुत्र सोहरत अली, काजती मोहल्ला, कालपी, जालौन
  7. शिवा सिंह चौहान पुत्र राजकुमार उर्फ राजू, राम चबुतरा, कालपी, जालौन

जब्त सामग्री और टैंकर

  1. 53,160 लीटर डीजल (2 टैंकरों में 53,000 लीटर + ड्रम में 160 लीटर)
  2. 1150 लीटर पेट्रोल (ड्रमों में भरा)
  3. दो टैंकर – यूपी 78 जीएन 8880 और एमपी 16 जेडएच 9077 (दोनों रिलायंस जियो कंपनी के)
  4. 7 ड्रम और 5 जरीकेन
  5. 5 पाइप और 5 कीप
  6. 6 मास्टर चाबी (टैंकर खोलने हेतु)
  7. ₹54,000 नकद, 2 ड्राइविंग लाइसेंस और 7 मोबाइल फोन

कैसे करते थे तेल की चोरी

गिरोह के सरगना राजकुमार उर्फ राजू और मुशर्रत अली उर्फ मुन्ना बताए गए हैं। ये लोग पेट्रोल कंपनियों के टैंकर चालकों से संपर्क करके, उन्हें डिपो से पंप पर पहुंचने से पहले ही गुप्त जगह पर तेल निकालने के लिए राजी करते थे। डिपो से निकले टैंकरों की सील मास्टर चाबी से तोड़ी जाती और चोरी किया गया तेल ड्रमों में भरकर कम दामों में स्थानीय वाहन मालिकों को बेच दिया जाता।

इस खेल में टैंकर चालकों को प्रति लीटर ₹50 कमीशन दिया जाता था, जबकि तेल की कुल बिक्री दर ₹75–₹80 प्रति लीटर तक होती थी। ट्रैक्टर, ट्रक, जेसीबी और पंपिंग सेट चलाने वाले स्थानीय ग्राहक इस अवैध तेल के नियमित खरीदार बने हुए थे।

गिरफ्तारी और केस दर्ज

एसटीएफ टीम ने 23 जुलाई की शाम करीब 7:50 बजे कालपी क्षेत्र के जोल्हूपुर मोड़ के पास स्थित गोदाम से इन लोगों को गिरफ्तार किया। इन पर IPC की धारा 303, 334, 323, 125, 318, 317, 112, पेट्रोलियम अधिनियम 1934 की धारा 23, और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर थाना कोतवाली, कालपी में केस पंजीकृत किया गया है।

एसटीएफ की टीम में कौन-कौन रहे शामिल

कार्रवाई एसटीएफ लखनऊ के पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण में की गई। टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक जावेद आलम सिद्दीकी ने किया, जिनके साथ मुख्य आरक्षी और कमांडो सहित 10 से अधिक कर्मी मौजूद रहे।

 

Also Read: UP School Merger: सीतापुर के स्कूलों के मर्जर पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की रोक, अगली सुनवाई 21 अगस्त को

Get real time updates directly on you device, subscribe now.