‘पिछड़ों और दलितों को ठगने की पुरानी आदत’, ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश यादव के सत्ता में आने पर गोमती रिवर फ्रंट पर महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा लगवाने संबंधी बयान को ‘पिछड़ों और दलितों को ठगने की पुरानी आदत’ बताया।
राजभर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा जातीय जनगणना कराने के फैसले ने अखिलेश यादव की नींद उड़ा दी है। उन्हें अपने पिछड़ा और दलित वोट बैंक के छिटकने का डर सता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक अखिलेश यादव सत्ता में रहे, उन्हें कभी महाराजा सुहेलदेव की याद नहीं आई। अब वोट बैंक की राजनीति के लिए राजभर समाज को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन समाज उनके झांसे में नहीं आएगा।
तंज कसते हुए राजभर ने कहा, “जो अपने पिता और चाचा का नहीं हो सका, वो राजभर समाज का क्या होगा? सपा अध्यक्ष ने न तो बसपा को छोड़ा, न जयंत चौधरी को, उनकी फितरत केवल ठगने की है।” उन्होंने यह भी कहा कि वह अखिलेश यादव के साथ रह चुके हैं और उनकी कार्यशैली को अच्छे से जानते हैं।
राजभर ने आरोप लगाया कि जातिगत जनगणना के बाद अखिलेश यादव का वोट बैंक खिसक जाएगा। इसलिए, वह अब राजभर समाज को धोखा देने की कोशिश में जुट गए हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर दलितों को ‘गुलाम’ समझने का भी आरोप लगाया।
Also Read: Bareilly News: कैन्ट में सिपाही का शव मिलने से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

