जम्मू-कश्मीर के लिए 1.13 लाख करोड़ का बजट पेश, छात्रों की फीस माफ, मुफ्त LPG सिलेंडर और एम्स कश्मीर का ऐलान

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के लिए 1.13 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। उन्होंने इसे महज आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर के विकास का एक मुकम्मल रोडमैप बताया। इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के रोजगार पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया है।

छात्रों के लिए मुख्यमंत्री ने एक ऐतिहासिक घोषणा की। अब कक्षा 9 से लेकर कॉलेज तक के विद्यार्थियों को पूरी फीस माफ कर दी गई है। इसके अलावा अनाथ बच्चों की पढ़ाई और रहने के लिए हर महीने स्पॉन्सरशिप सहायता दी जाएगी। 554 स्कूलों में वोकेशनल एजुकेशन (व्यावसायिक शिक्षा) शुरू होगी। आदिवासी छात्रों के लिए स्कॉलरशिप का विशेष प्रावधान किया गया है। प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम घोषणाएं की गईं।

AIIMS कश्मीर: उमर अब्दुल्ला ने ऐलान किया कि कश्मीर एम्स 2026 में शुरू हो जाएगा।

अस्पतालों का जाल: राजौरी, बारामूला और डोडा में कैथ लैब, जबकि उरी और पुंछ में नए इमरजेंसी अस्पताल खुलेंगे।

बुलेट प्रूफ एम्बुलेंस: सीमावर्ती इलाकों में लोगों की जान बचाने के लिए बुलेट प्रूफ एम्बुलेंस सेवा शुरू की जाएगी। इसके अलावा प्रदेश में दो नए आयुष अस्पताल भी खोले जाएंगे।

आम जनता और किसानों के लिए

मुफ्त LPG: प्रदेश के पात्र परिवारों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे।

सोलर ऊर्जा: किसानों के लिए सोलर पंप और आदिवासी इलाकों में सोलर गाँव विकसित किए जाएंगे।

नौकरी में प्राथमिकता: जिन उद्योगों को सरकारी छूट मिलेगी, उनमें स्थानीय युवाओं को नौकरी देना अनिवार्य होगा।

परिवहन: प्रदूषण कम करने के लिए 200 नई ई-बसें (Electric Buses) चलाई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने अमरनाथ यात्रा के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने का संकल्प लिया ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुरक्षा और अनुभव मिल सके। साथ ही, प्रदेश की संस्कृति को सहेजने के लिए नए कल्चरल सेंटर बनाए जाएंगे और कठुआ व हंदवाड़ा में बंद पड़े बायोटेक पार्कों को दोबारा शुरू किया जाएगा।

Also Read: Unnao : बांगरमऊ में मौत के मांझे पर पुलिस का ‘हंटर’, दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.